धार के राजगढ़ में गंदे पानी की शिकायत भारी पड़ी:विधायक के दौरे के बाद 15 साल पुराने नल कनेक्शन काटे; बदले की कार्रवाई का आरोप

धार जिले के राजगढ़ की संजय कॉलोनी में गंदे पानी की शिकायत करना निवासियों को महंगा पड़ गया। दरअसल, सोमवार को विधायक प्रताप ग्रेवाल के दौरे के दौरान लोगों ने नलों में आ रहे गंदे पानी की शिकायत की थी। इसके अगले ही दिन नगर परिषद ने कथित अवैध बताकर कई घरों के नल कनेक्शन काट दिए। विधायक ग्रेवाल ने शिकायत सुनने के बाद अधिकारियों को फटकार लगाई थी। निवासियों का आरोप है कि नगर परिषद ने शिकायत का समाधान करने के बजाय बदले की भावना से कार्रवाई की है। 8-10 घरों के नल कनेक्शन काटे गए
संजय कॉलोनी में लगभग 8 से 10 घरों के नल कनेक्शन काटे गए हैं। निवासियों का कहना है कि ये कनेक्शन करीब 15 वर्ष पहले शासन द्वारा पेयजल उपलब्ध कराने के लिए दिए गए थे। गीताबाई जायसवाल, गोविंद सोलंकी और मनु बाई ने बताया कि नगर परिषद के कर्मचारी बिना किसी पूर्व सूचना या नोटिस के आए और कनेक्शन काट दिए। कर्मचारियों ने दिव्यांग के घर की सीढ़ियां तोड़ी
इस कार्रवाई में दिव्यांग कालू के घर का नल कनेक्शन भी काट दिया गया। कर्मचारियों ने उनके घर की सीढ़ियां भी तोड़ दीं। कालू ने बताया कि वे और उनकी पत्नी दोनों दिव्यांग हैं और अब उन्हें घर में आने-जाने में परेशानी हो रही है। पार्षद ने कार्रवाई को गलत बताया
वार्ड 4 के पार्षद प्रतिनिधि भारत सिंगार ने इस कार्रवाई को गलत बताया। उन्होंने कहा कि ये सभी नल कनेक्शन 15 साल पहले शासन द्वारा दिए गए थे और विधायक के निर्देश के बाद सुधार की बजाय कनेक्शन काटना अनुचित है। इस मामले पर नगर परिषद सीएमओ ज्योति सुनारिया से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *