इंदौर और उज्जैन में चाइनीज मांझे से हुए हादसों के बाद जबलपुर पुलिस सतर्क हो गई है। शहर में प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बेचने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में लॉर्डगंज और माढ़ोताल थाना क्षेत्रों में पुलिस ने बड़ी मात्रा में चाइनीज मांझा जब्त किया है। लॉर्डगंज थाना प्रभारी नवल सिंह आर्य ने बताया कि सोमवार शाम उजार पूर्वा क्षेत्र में सुनील साहू की दुकान पर प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बेचे जाने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने दुकान पर दबिश देकर 19 पैकेट चाइनीस मांझा बरामद किया। इनमें लाल और हरे रंग की लच्छियां थीं। इसके अतिरिक्त, 3 खुली चरखियां (लाल, हरे और काले रंग का मांझा लिपटा हुआ) तथा 251 लाल-काले रंग की लच्छियां (राजा पतंग वाले रैपर में लिपटी हुई) भी जब्त की गईं। पूछताछ में सुनील साहू ने बताया कि उसने यह मांझा कोतवाली स्थित अलीम पतंग दुकान के संचालक मोहम्मद हिदायत से 7 हजार रुपए में खरीदा था। पुलिस ने अलीम पतंग दुकान पर दबिश दी, जहां मोहम्मद हिदायत ने चाइनीज मांझा बेचने की बात स्वीकार की। पुलिस ने सुनील साहू और मोहम्मद हिदायत के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दूसरी कार्रवाई मंगलवार दोपहर माढ़ोताल थाना प्रभारी वीरेन्द्र सिंह पवार के नेतृत्व में की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि लमती रोड के पास एक व्यक्ति अपनी दुकान में प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बेच रहा है। सूचना के आधार पर काली मंदिर बजरंग नगर स्थित एक किराने की दुकान पर दबिश दी गई। यहां दुकान संचालक रूप सिंह पटेल (55 वर्ष, निवासी काली मंदिर बजरंग नगर) को चाइनीज मांझा बेचते हुए पकड़ा गया।


