धार जिले के तिरला थाना क्षेत्र के ग्राम बड़लीपुरा में करंट लगने से एक 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान कान्हा पिता खुम सिंह के रूप में हुई है, जो पशु चराने का काम करता था। जानकारी के अनुसार, कान्हा प्रतिदिन की तरह पशु चराने गया था। इसी दौरान वह अचानक करंट की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद परिजन उसे तुरंत धार जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। जिला अस्पताल के डॉक्टर राहुल निगवाल ने बताया कि युवक को अस्पताल लाए जाने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। डॉक्टर ने बताया कि शव को जिला अस्पताल के पोस्टमॉर्टम रूम में रखा गया है। बुधवार को पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। कान्हा के बड़े भाई अनसिंह ने भी बताया कि कान्हा की मौत करंट लगने से हुई है। फिलहाल, तिरला पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।


