राजस्थान में कड़ाके की सर्दी, बर्फ जमी:विजिबिलिटी 50 मीटर, 10 शहरों में अलर्ट, जानें- ठंड से कब मिलेगी राहत

राजस्थान में कड़ाके की सर्दी का दौर जारी है। मौसम विभाग ने मंगलवार को भी 10 शहरों में तेज सर्दी का यलो अलर्ट जारी किया है। अलवर सहित नेशनल कैपिटल रीजन (NCR) के कई इलाकों सर्दी का असर अधिक है। यहां न्यूनतम तापमान 3 डिग्री के करीब रहा। उदयपुर, चित्तौड़गढ़ में सुबह कोहरा भी रहा। वहीं, जयपुर सहित 8 जिलों में आज भी 5th और 8th तक के बच्चों की छुट्‌टी है। हालांकि, मकर संक्रांति बाद से सर्दी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद जताई है। वहीं, सोमवार को लगातार दूसरे दिन तापमान माइनस में दर्ज हुआ। 6 शहरों में बर्फ जम गई और 10 से ज्यादा शहरों का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे दर्ज हुआ। हालांकि, दिन में आसमान साफ रहने और तेज धूप निकलने के बाद सर्दी से राहत मिली। सोमवार को दिन में अधिकतम तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस त​क बढ़ोतरी हुई। कोहरे के कारण विजिबिलिटी घटी, बर्फ जमी तेज सर्दी के साथ कोहरा भी राजस्थान में परेशानी बढ़ा रहा है। मंगलवार सुबह भी चित्तौड़गढ़, उदयपुर सहित कई जिलों में घना कोहरा रहा। यहां कई इलाकों में विजिबिलिटी 50 मीटर तक ही रही। उदयपुर में घने कोहरे की आशंका के कारण इंडिगो एयरलाइंस ने ट्रैवल एडवाइजरी भी जारी की है। वहीं, एनसीआर वाले जिलों में न्यूनतम तापमान में गिरावट के साथ बर्फ भी जमी नजर आई। अब देखिए- राजस्थान के मौसम से जुड़ी PHOTOS… धूप निकलने से पारा 5 डिग्री तक चढ़ा कोहरा कम रहने और आसमान साफ होने से सोमवार को राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में तेज धूप निकली। हवा कमजोर होने और तेज धूप से पाली, जोधपुर, चूरू, गंगानगर, बीकानेर, सीकर, भीलवाड़ा, अलवर, सिरोही, झुंझुनूं, फतेहपुर समेत कई शहरों में अधिकतम तापमान में 3 से लेकर 5 डिग्री तक बढ़ोतरी हुई। कल दिन में सबसे ज्यादा सर्द इलाका हनुमानगढ़ रहा, जहां का अधिकतम तापमान 17.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जबकि सबसे अधिक अधिकतम तापमान पाली में 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *