चाइनीज मांझे से बचाव के लिए पुल पर बंधवाए सुरक्षा तार

बाड़मेर | मकर संक्रांति के पर्व पर पतंगबाजी के दौरान चाइनीज मांझे से होने वाले हादसों को रोकने के लिए बाड़मेर में अनूठी पहल की गई है। शहर के नेहरू नगर ओवरब्रिज पर दोपहिया वाहन चालकों की सुरक्षा के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुल के दोनों तरफ लोहे के तारों की फेंसिंग करवाई है। दरअसल नेहरू नगर पुलिया पर ऊंचाई के कारण पतंगों के धागे सीधे वाहन चालकों के गले और चेहरे तक आते हैं। पिछले कुछ समय में प्लास्टिक मांझे के कारण हुई दुर्घटनाओं और जनहानि को देखते हुए भाजपा जिला उपाध्यक्ष रमेश सिंह इंदा और नगर अध्यक्ष किशन बोहरा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पुल की रेलिंग के ऊपर लोहे के पतले तार बांधे हैं, ताकि मांझा नीचे सड़क तक न पहुंचे और वाहन चालक सुरक्षित निकल सके। लोहे के तार लगाने के साथ-साथ पार्टी कार्यकर्ता जन जागरूकता अभियान भी चलाएंगे। लोगों को चाइनीज मांझे के दुष्प्रभावों के बारे में बताया जाएगा। नगर अध्यक्ष किशन बोहरा ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि मकर संक्रांति खुशियों का त्योहार है, लापरवाही के कारण इसे किसी परिवार के लिए दुखद न बनाएं। इस दौरान महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष अनीता चौहान, नगर उपाध्यक्ष प्रकाश खत्री, नगर महामंत्री अरविंद सारदा, चुन्नीलाल जीनगर, किशन माली सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे और सुरक्षा कार्य में हाथ बंटाया। शहर में मकर संक्रांति के पर्व से पहले ही आसमान में पतंगे उड़ती नजर आ रही है। लेकिन कुछ लोग प्लास्टिक से बने चाइनीज मांझे का उपयोग कर रहे हैं। चाइनीज मांझे से कट कर कई पक्षियों की मौत हो गई है। वहीं रविवार को एक व्यक्ति भी चाइनीज मांझे की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *