मातृ सप्तशक्ति संगम कार्यक्रम में कुटुंब प्रबोधन विषय पर चर्चा की

भास्कर न्यूज | बाड़मेर विद्या भारती द्वारा संचालित बालिका आदर्श विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय बाड़मेर के तत्वावधान में मातृ सप्तशक्ति संगम कार्यक्रम का आयोजन शिवशक्ति धाम में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अनुराधा व्यास एवं भानुमति छंगाणी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता भावना चौधरी रहीं, जिन्होंने उपस्थित महिलाओं का मार्गदर्शन किया। मुख्य वक्ता ने अपने उद्बोधन में सामाजिक समरसता, नागरिक शिष्टाचार, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण एवं कुटुंब प्रबोधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारत में नारी सदैव पूजनीय रही है। उन्होंने झांसी की रानी लक्ष्मीबाई, पन्नाधाय, अहिल्याबाई होलकर एवं मीराबाई जैसी महान नारियों के जीवन से उदाहरण प्रस्तुत करते हुए महिलाओं से सशक्त बनने तथा वर्तमान परिस्थितियों में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बच्चों को अच्छे संस्कार देना अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि बालक की प्रथम गुरु मां ही होती है, जो उसे शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से विकसित करती है। नारी ही परिवार को जोड़कर रखने की महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। कार्यक्रम के दौरान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें सही उत्तर देने वाली महिलाओं को प्रोत्साहन स्वरूप सम्मानित किया गया। इसके साथ ही कुटुंब प्रबोधन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सती देवी एवं अनुराधा व्यास को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन डिम्पल सोनी ने किया, जबकि कार्यक्रम संयोजिका मोनिका बोहरा रहीं। कार्यक्रम में 56 महिलाएं उपस्थित रहीं। अंत में शांति मंत्र के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *