NH 347-B के विरोध में हनुमान मंदिर में दिया ज्ञापन:बड़वानी में ग्रामीणों ने की शासन-प्रशासन को सद्बुद्धि की प्रार्थना

बड़वानी के राष्ट्रीय राजमार्ग 347-B को ग्राम तलून और करी के बीच से निकाले जाने के विरोध में ग्रामीणों ने मंगलवार को प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने हनुमान मंदिर में हनुमान जी को ज्ञापन सौंपकर शासन-प्रशासन को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना की। गांव के बीच से हाईवे निकालने पर जताया विरोध ग्रामीण राकेश जाट ने बताया कि 2024 में तलून, करी और बोरलाय को बायपास करने संबंधी अधिसूचना जारी की गई थी। इससे गांवों को राहत मिलने की उम्मीद थी। ग्रामीणों का आरोप है कि बाद में कुछ प्रभावशाली लोगों ने प्रशासनिक शक्तियों का गलत इस्तेमाल कर राजमार्ग को गांवों के बीच से निकालने का आदेश पारित करवा दिया। ग्रामीण अनिल जाट के अनुसार, यदि हाईवे गांव के बीच से निकाला जाता है, तो कई परिवारों के घर, मकान और आजीविका छिन जाएगी। इससे लोग बेघर हो सकते हैं और गांव की सामाजिक संरचना तथा शांत जीवन प्रभावित होगा। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना की ज्ञापन में कहा गया है कि जिस प्रकार भगवान हनुमान स्वयं सालों तक मंदिर विहीन होकर खुले आसमान के नीचे रहे, उसी प्रकार आज उनके भक्तों को भी बेघर करने का प्रयास किया जा रहा है। ग्रामीणों ने प्रार्थना की है कि शासन और प्रशासन के उच्च पदों पर बैठे जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों को सद्बुद्धि मिले, ताकि राष्ट्रीय राजमार्ग को पूर्व में अधिसूचित बायपास मार्ग से ही निकाला जाए। मांगों पर कार्रवाई न होने पर आंदोलन की दी चेतावनी ग्रामीणों की मुख्य मांग है कि राष्ट्रीय राजमार्ग 347-B को गांव के बीच से न निकालकर पूर्व में स्वीकृत बायपास मार्ग से निकाला जाए। उनका कहना है कि इससे गांव सुरक्षित रहेंगे और विकास भी बिना विस्थापन के संभव हो सकेगा। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया, तो वे लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन को और तेज करेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *