बागेश्वर धाम में यूपी की युवती से मारपीट:मां बोली- आरती के दौरान युवक ने लात-घूंसों से पीटा; पकड़ा तो प्रेत बाधा का नाटक करने लगा

छतरपुर स्थित बागेश्वर धाम में 18 वर्षीय युवती के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। स्वाति शुक्ला नाम की इस युवती को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वह उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले की रहने वाली है। 9 जनवरी को अपनी मां के साथ दर्शन के लिए बागेश्वर धाम पहुंची थी। स्वाति की मां रीना शुक्ला ने बताया कि वे पिछले दो साल से नियमित बागेश्वर धाम आ रही हैं। अब तक 14 बार यहां आ चुकी हैं। उनकी बेटी स्वाति बीमारी की वजह से परेशान है। रीना ने कहा- रविवार की रात आरती के दौरान बेटी मंच के पास ही बैठी थी। वह जोर-जोर से चिल्ला रही थी। किसी पर हमला न कर दे, इसीलिए मैंने उसके हाथ पीछे से पकड़ रखे थे। इसी दौरान बाजू में बैठे एक युवक ने अचानक स्वाति पर हमला कर दिया। उसे धक्का दिया। लात-घूंसों से पीटा, जिससे स्वाति जमीन पर गिर पड़ी। सेवादारों ने पुलिस को सौंपा
धाम के सेवादारों ने हमलावर को पकड़कर पुलिस चौकी को सौंप दिया। रीना ने कहा कि युवक पुलिस को सौंपे जाने के बाद भूत-प्रेत बाधा का नाटक करने लगा। फिलहाल, उसके बारे में जानकारी नहीं मिल सकी है। डॉक्टर बोले- चोटें गंभीर, निगरानी में रखा
रीना शुक्ला के मुताबिक, मारपीट के कारण स्वाति को पसलियों में अंदरूनी चोटें आई हैं। तेज दर्द हो रहा है। कंधा टूट गया है। वहीं, डॉक्टरों ने कहा- स्वाति की हालत स्थिर है, लेकिन चोटें गंभीर होने के कारण उसे निगरानी में रखा गया है। मामले की शिकायत बागेश्वर धाम पुलिस चौकी में कराई गई है। दैनिक भास्कर ने चौकी प्रभारी डीडी शाक्य से बात करनी चाही तो लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। ————————- ये खबर भी पढ़ें… बागेश्वर धाम में महिलाओं को जबरन एम्बुलेंस में भरा छतरपुर के लवकुशनगर थाना क्षेत्र में डायल 100 की टीम को एम्बुलेंस में 13 महिलाओं को ले जाने की सूचना मिली। पुलिस ने एम्बुलेंस को रोका और महिलाओं को थाने लाया गया। महिलाओं ने आरोप लगाया कि बागेश्वर धाम की सेवादार मिनी ने उनके बाल पकड़कर जबरन एम्बुलेंस में बैठाया। जान से मारने की धमकी दी। उनको नहीं पता कि ये लोग कहां लेकर जा रहे थे। पढ़ें पूरी खबर…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *