गुमला सबसे ठंडा, न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री पहुंचा हिमाचल प्रदेश में हो रही बर्फबारी और उत्तर भारत से आ रही ठंडी पश्चिमी हवाओं का असर झारखंड में साफ दिख रहा है। मंगलवार से झारखंड के तापमान में एक बार फिर गिरावट दर्ज की गई है। रांची समेत पूरे राज्य में ठंड और कनकनी बढ़ गई है। पिछले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान 0.5 से 1 डिग्री तक गिरा है। सबसे ठंडा जिला गुमला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री दर्ज किया गया। रांची के मैक्लुस्कीगंज में पारा 1 डिग्री और कांके में 4.5 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम विभाग, रांची केंद्र के अनुसार पहाड़ों में बर्फबारी की वजह से अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में 3 डिग्री तक और गिरावट आ सकती है। इससे राज्य के कई हिस्सों में हाड़ कंपाने वाली ठंड पड़ेगी। मौसम विभाग ने 13 जिले रांची, खूंटी, रामगढ़, बोकारो, हजारीबाग, चतरा, पलामू, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा और जमशेदपुर में शीतलहर का यलो अलर्ट जारी किया है। आगे ऐसा रहेगा मौसम भास्कर एक्सपर्ट – अभिषेक आनंद, मौसम वैज्ञानिक रांची में 6 साल पुराना रिकॉर्ड टूटने की संभावना जनवरी में रांची में ठंड का असर रहता है, लेकिन पिछले छह सालों में शहर का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री से नीचे नहीं गया। आखिरी बार 25 जनवरी 2020 को न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री दर्ज किया गया था। इस बार मौसम विभाग का अनुमान है कि तापमान 5 डिग्री से नीचे जा सकता है और पुराना रिकॉर्ड टूट सकता है।


