बरियातू थाना क्षेत्र के टैगोर हिल रोड स्थित एक रेस्टोरेंट के बाहर कार के धक्के से घायल एक स्टेट टैक्स ऑफिसर की मौत हो गई। घटना 8 जनवरी की है। टैगोर हिल रोड स्थित एक रेस्टोरेंट के बाहर दो स्टेट टैक्स ऑफिसर टहलते हुए आपस में बातचीत कर रहे थे। तभी एक तेज रफ्तार कार सवार ने दोनों को धक्का मार दिया। गंभीर रूप से घायल दोनों स्टेट टैक्स ऑफिसर को तुरंत इलाज के लिए एक निजी अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान सोमवार को एक स्टेट टैक्स ऑफिसर की मौत हो गई। मृतक का नाम पंकज कुमार वर्मा है और वह चुटिया थाना क्षेत्र स्थित साई कॉलोनी में पत्नी के साथ रहते थे। वहीं घायल स्टेट टैक्स ऑफिसर कुंदन कुमार को इलाज के बाद घर भेज दिया गया है। पंकज की मौत के बाद पीड़ित पत्नी रितु रानी ने पूरी घटना की जानकारी बरियातू थाने को देते हुए अज्ञात कार सवार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। दर्ज प्राथमिकी में पीड़िता ने कहा है कि पति अपने दोस्त कुंदन कुमार के साथ 8 जनवरी की रात लगभग 8:30 बजे कर्नाटक कैफे से खाना लेने के लिए पहुंचे थे। खाना पैकिंग के इंतजार में वह रेस्टोरेंट के बाहर टहल रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार एक कार सवार पहुंचा और जान मारने की नीयत से धक्का मारते हुए फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल पंकज को तुरंत इलाज के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया जहां उनकी मौत हो गई। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी कार सवार को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। पंकज वर्मा और कुंदन कुमार जेपीएससी छठे बैच के अधिकारी थे। पंकज रांची के ज्वाइंट कमिश्नर स्टेट टैक्सेस ऑफिस स्थित इस्ट सर्किल में पोस्टेड थे। वहीं घायल कुंदन कुमार फिलहाल वेस्ट सर्किल में पोस्टेट हैं। एक ही बैच के अधिकारी होने की वजह से दोनों के बीच अच्छी दोस्ती थी। अक्सर ऑफिस से आना-जाना भी दोनों साथ ही करते थे। 8 जनवरी की रात भी दोनों एक ही साथ खाना लेने के लिए रेस्टोरेंट पहुंचे थे जहां यह हादसा हुआ। हादसे के बाद कार सवार तेजी से आगे निकल गया। अन्य दुकानों से कई लोग बाहर भी निकले, पर तबतक वह जा चुका था। रेस्टोरेंट के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना कैद हो गई है। सीसीटीवी में स्पष्ट दिखाई दे रहा है कि दोनों स्टेट टैक्स ऑफिसर आपस में बातचीत करते हुए सड़क किनारे आगे बढ़ रहे हैं। इसी दौरान अचानक पीछे से तेज रफ्तार कार सवार पहुंचता है और धक्का मारते हुए चिरौंदी की ओर फरार हो जाता है। कार सवार का धक्का इतना जोरदार था कि स्टेट टैक्स ऑफिसर पंकज वर्मा लगभग 10 फीट आगे फेंका गए। वहीं कुंदन बगल में ही गिर पड़े। दुर्घटना के बाद कुंदन तुरंत दौड़ते हुए पंकज के पास पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से उठाकर उन्हें अस्पताल ले गए। 8 जनवरी 2026 : बरियातू थाना क्षेत्र के चिरौंदी रोड स्थित रेस्टोरेंट के बाहर टहल रहे 2 स्टेट टैक्स ऑफिसर को अज्ञात कार सवार ने रौंद दिया। इलाज के दौरान स्टेट टैक्स ऑफिसर पंकज वर्मा की मौत हो गई। फिलहाल आरोपी कार सवार के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। 4 जनवरी 2026 : लालपुर थाना क्षेत्र स्थित मून टाउन बार में लड़की छेड़ने को लेकर हुए विवाद में अंकित सिंह को लालपुर चौक पर कार सवार ने कुचल दिया। 4 दिनों बाद युवती समेत 3 आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। घटना में शामिल अन्य आरोपी की तलाश में अब भी पुलिस छापेमारी कर रही है। 31 दिसंबर 2025 : जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के बिरसा चौक स्थित पेट्रोल पंप पर हुए विवाद के बाद वैन सवार युवकों ने बगल में खड़े विवेक कुमार को कुचल दिया। अस्पताल ले जाने के क्रम में उसकी मौत हो गई। घटना के 6 दिनों बाद 2 आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। 6 आरोपी अब भी फरार हैं। मामले में पुलिस की जांच जारी है। आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास जारी है।


