आपराधिक घटनाओं पर नियंत्रण और व्यापारियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए : चैंबर

झारखंड चैंबर के लॉ एंड ऑर्डर उप समिति की बैठक मंगलवार को चैंबर भवन में आयोजित की गई। इसमें राज्य में कानून-व्यवस्था, व्यापारियों की सुरक्षा, पुलिस गश्ती व्यवस्था, संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी और प्रशासनिक समन्वय जैसे विषयों पर चर्चा हुई। बैठक में रामगढ़ जिले के भुरकुंडा क्षेत्र स्थित ज्वेलर्स दुकान में दिसंबर माह में घटित अपराध को दुर्भाग्यपूर्ण बताया गया। चैंबर ने पीड़ित व्यवसायी द्वारा भुरकुंडा थाना में दिए गए आवेदन के आधार पर पुलिस अधीक्षक रामगढ़ और झारखंड के पुलिस महानिदेशक को पत्र भेजकर त्वरित जांच, अपराधियों की गिरफ्तारी और व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। चैंबर उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया ने कहा कि आपराधिक घटनाओं पर नियंत्रण और व्यापारियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। चेयरमैन मुकेश अग्रवाल ने त्वरित कार्रवाई और अपराधियों की पहचान व गिरफ्तारी पर बल दिया। सह सचिव नवजोत अलंग ने कहा कि थाना स्तर पर मासिक बैठकों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं और पुलिस-व्यवसायी समन्वय से समस्याओं का समाधान बेहतर तरीके से हो रहा है। बैठक में पुलिस व्यवसायी समन्वय समिति की अगली बैठक भी जल्द आयोजित करने का निर्णय लिया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *