जांजगीर | मड़वा पावर प्लांट के गेट के पास सोमवार की रात सड़क हादसे में वाहन चालक की मौत हो गई। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के पीछे साइड के गेट के पास हुई, जहां हाईवा- सीजी 11 बीएल 5671 अनियंत्रित होकर पलट गया था। पुलिस के अनुसार ग्राम जर्वे (ब) निवासी प्रह्लाद केंवट पिता हंसराज (50) 12 जनवरी की रात मड़वा पावर प्लांट से राखड़ लेकर बाहर निकल रहा था। वह गेट पर टोकन कटवाने के लिए गाड़ी रोककर पर्ची कटवाने गया था। गाड़ी को पार्क करते समय लगाया हैंड ब्रेक पूरी तरह से नहीं लगा था। इसके चलते ढलान पर गाड़ी धीरे-धीरे पीछे की ओर लुढ़कने लगी। उसने केबिन में चढ़ने की कोशिश की और तभी गाड़ी पलट गई और वह केबिन के नीचे दब गया। घटना के बाद दूसरे ड्राइवर और कर्मचारियों ने उसे बाहर निकाला। उसे गंभीर हालत में जांजगीर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर परिजन मड़वा पावर प्लांट पहुंचे। पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर उन्हें समझाया और मुआवजे की प्रक्रिया शुरू की। नायब तहसीलदार ने परिजनों को 25 हजार रुपए की सहायता राशि दी।


