मांगों के लिए संघर्ष कभी व्यर्थ नहीं जाता: कमल

भास्कर न्यूज | जांजगीर कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन, जिला जांजगीर-चांपा द्वारा नववर्ष मिलन समारोह-2026 का आयोजन हनुमान धारा, चांपा में किया गया। कंचन, कांसा, कोसा की पावन धरा तथा पुण्य सलिला हसदेव नदी के तट पर स्थित इस धार्मिक एवं आस्था के प्रमुख केंद्र में आयोजित समारोह में कर्मचारी-अधिकारी एकता का स्वर गूंजता रहा। यह आयोजन फेडरेशन के जिला संयोजक विश्वनाथ परिहार, जिला महासचिव अर्जुनसिंह क्षत्रीय एवं सह संयोजक डॉ. व्हीके पैगवार के नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। समारोह के मुख्य अभ्यागत कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक एवं राजपत्रित अधिकारी संघ के प्रदेशाध्यक्ष कमल वर्मा रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ पेंशनर्स संघ के प्रांताध्यक्ष बीपी शर्मा, आलोक मिश्रा, संतोष वर्मा, पंकज पांडेय और डॉ. कुमुदिनी द्विवेदी (जिलाध्यक्ष, राजपत्रित अधिकारी संघ, सक्ती) उपस्थित रहे। स्वागत उद्बोधन में जिला संयोजक विश्वनाथ परिहार ने हाल ही में संपन्न तीन दिवसीय धरना आंदोलन में फेडरेशन की अनुशासनबद्ध सहभागिता की सराहना करते हुए इसे कर्मचारी हितों की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया। मुख्य अभ्यागत कमल वर्मा ने कहा कि कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन की संगठित शक्ति और एकता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि न्यायोचित मांगों के लिए किया गया अनुशासित संघर्ष कभी व्यर्थ नहीं जाता। तीन दिवसीय आंदोलन के परिणामस्वरूप शासन द्वारा 3 प्रतिशत महंगाई भत्ता स्वीकृत किया जाना सकारात्मक संकेत है। साथ ही उन्होंने परामर्शदात्री समिति के गठन, कैशलेस चिकित्सा सुविधा तथा अन्य लंबित मांगों पर शीघ्र निर्णय का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. रविंद्र द्विवेदी एवं विकास सिंह ने किया तथा आभार प्रदर्शन जिला महासचिव डॉ. अर्जुनसिंह ने किया। इस अवसर पर डॉ. अर्जुनसिंह द्वारा प्रस्तुत सुमधुर गीत को खूब सराहना मिली। समारोह में बड़ी संख्या में कर्मचारी-अधिकारी उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *