11 हजार जोड़ों ने सामूहिक 2500 सुंदरकांड पाठ किए

नींदड़ में चल रही श्रीराम कथा का छठा दिन जयपुर | सीकर रोड स्थित नींदड़ में चल रही तुलसी पीठाधीश्वर रामभद्राचार्य महाराज की 1412वीं श्रीराम कथा के छठे दिन मंगलवार को सुंदरकांड का प्रसंग सुनाया गया। महाराज ने कहा कि सुंदरकांड हनुमानजी का सुंदर चरित्र है। सुंदरकांड में 60 दोहे होते हैं। 32 प्रत्यक्ष और 28 परोक्ष होते हैं। भारत के विभिन्न हिस्सों में 12 ज्योतिर्लिंग हैं। गोस्वामीजी ने 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन 5-5 दोहे में करवाए हैं। महाराज ने हनुमान विभीषण का संवाद सुनाते हुए कहा कि हनुमानजी ने विभीषण से कहा हम दोनों अधूरे हैं, तुम्हारे पास माता सीता है, मेरे पास पिता श्रीराम है। तनिक तुम अधूरे तनिक मैं अधूरा हूं। साथ ही महाराज ने अशोक वाटिका का प्रसंग भी सुनाया। इस दौरान 1008 कुंडीय हनुमंत महायज्ञ एवं श्रीराम कथा के पांडाल में 11 हजार जोड़ों ने एक सुर में 2500 सामूहिक सुंदरकांड के पाठ किए। इस दौरान मुख्यमंत्री की धर्मपत्नि गीता शर्मा एवं पुत्र अभिषेक शर्मा एवं हाथोज धाम के पीठाधीश्वर बालमुकुंदाचार्य कथा सुनने पहुंचे। आज मनाया जाएगा रामभद्राचार्य महाराज का 77वां जन्मोत्सव आयोजन समिति के अनिल संत ने बताया कि रामभद्राचार्य महाराज के 77वें जन्मोत्सव की श्रंखला पर बुधवार यानी मकर संक्रांति पर सुबह 10:30 बजे एक हजार किलो देसी गो माताओं का शुद्ध घी एवं पंचमेवा का लड्डू केक काटा जाएगा, जो भक्तों में बांटा जाएगा। इस मौके पर बैंड-बाजों के साथ शोभायात्रा निकलेगी, जो यज्ञशाला की परिक्रमा लगाएगी। जन्मोत्सव के कार्यक्रमों के साथ पतंगोत्सव का भी आयोजन होगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *