मकर संक्रांति पर्व के उपलक्ष्य में गुजरात के अहमदाबाद में पीएम नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में हुआ इंटरनेशनल काइट फेस्टिवल देशभर में चर्चा में है। फेस्टिवल में पीएम मोदी ने उदयपुर के पतंगबाज सोहेल अहमद द्वारा बनाई गई पतंगों को भी उड़ाया। जयपुर सहित देश के अन्य कई बड़े शहरों में 15 जनवरी तक पतंगबाजी उत्सवों की धूम रहेगी। लेकिन, पर्यटन के क्षेत्र में देश-दुनिया में अनूठी पहचान बना चुके लेकसिटी में पतंगबाजी के नाम पर पर्यटन विभाग सिर्फ खानापूर्ति करेगा। लेकसिटी में साल 2011 में 5 से 7 जनवरी तक गांधी ग्राउंड में अंतरराष्ट्रीय काइट फेस्टिवल आयोजित किया गया था। इसमें 11 भारतीय और 10 विदेशी टीमों ने भाग लिया था। जापान, इटली, यूके, कनाडा, ब्राजील, ऑस्ट्रेलिया, यूएसए, मलेशिया, सिंगापुर, इंडोनेशिया के पतंगबाजों ने भी करतब दिखाए थे। तीन दिनों में करीब 1.5 लाख दर्शकों ने पतंगबाजी का लुत्फ लिया था। इसके बाद यह यादों में सिमट कर रह गया। काइट फेस्टिवल देसी-विदेशी पर्यटकों के लिए बड़ा आकर्षण बन सकता है। खानापूर्ति… संक्रांति से दो दिन पहले पतंग उत्सव का आदेश
अतिरिक्त शासन सचिव, पर्यटन प्रवीण गुप्ता ने 12 जनवरी काे मकर संक्रांति पर पतंग उत्सव का आयोजन करने का आदेश जारी किया है। इसके तहत सभी संभाग मुख्यालयों, प्रमुख पर्यटन स्थलों, जैसे माउंट आबू और जैसलमेर में पतंगबाजी का आयोजन करने के लिए कहा गया है। 13 जनवरी तक जिला प्रशासन के स्तर पर नोडल अधिकारी बनाकर नाम मांगे थे। हैरानी की बात है कि दो दिन में तैयारी कैसे हो सकती है। जिम्मेदार बच रहे… जेडी बोलीं- मेरे कार्यक्षेत्र का मामला नहीं
पर्यटन विभाग मुख्यालय जयपुर में फेस्टिवल, ईवेंट काे देखने वाली अधिकारी संयुक्त निदेशक पुनीता सिंह ने इस मामले में काेई सीधा जवाब नहीं दिया। उन्होंने बताया कि यह उनके कार्यक्षेत्र में नहीं आता है। सवाल यह है कि उदयपुर जी-20, जीएसटी सहित तमाम अंतरराष्ट्रीय-राष्ट्रीय आयोजनों की मेजबानी कर चुका है। म्यूजिक फेस्टिवल, फ्लावर शो भी होता आ रहा है। फिर काइट फेस्टिवल क्यों नहीं हो सकता है? उदयपुर में काइट फेस्टिवल शुरू हाे ताे गुजरात जाने वाले पर्यटक होंगे डायवर्ट
हेरिटेज एक्सपर्ट महेश शर्मा बताते हैं कि गुजरात में काइट फेस्टिवल टूरिज्म का नया केंद्र बना है। ऐसा ही फेस्टिवल उदयपुर में हाेता है तो टूरिज्म प्रमोट हाेगा। जाे पर्यटक गुजरात जा रहे हैं, वे उदयपुर डायवर्ट हाेंगे। होटल संस्थान दक्षिणी राजस्थान के अध्यक्ष सुभाष सिंह राणावत और उदयपुर होटल एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेश अग्रवाल बताते हैं कि अगर उदयपुर में 3 से 5 दिन का काइट फेस्टिवल होगा तो निश्चित ही पर्यटन को गति मिलेगी।


