कई दिनों से चल रही कड़ाके की सर्दी से अब राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि उत्तरी हवाओं का प्रभाव बीकानेर में कुछ कम हो रहा है। इस कारण आने वाले दिनों में धीरे-धीरे तापमान बढ़ना शुरू होगा। हालांकि सर्दी का असर बरकरार रहेगा। पिछले साल भी सर्दी ने असली रंग जनवरी में ही दिखाया और इस साल भी जनवरी में ही कड़ाके की सर्दी पड़ी। पिछले साल जनवरी में सर्दी ने लोगों को ठिठुरा दिया था। दिसंबर के मध्य में सर्दी की शुरूआत हुई थी, लेकिन जनवरी के पहले हफ्ते में सर्दी ने लोगों को कंपा दिया था। इस साल बारिश के कारण सर्दी ने दस्तक तो एक बार नवंबर में दे दी। मगर उसके बाद तापमान सामान्य और उससे ज्यादा ही रहा। अलनीनो के असर के कारण पूरा दिसंबर भी सामान्य तापमान या उतार-चढ़ाव में बीत गया। दिसंबर के तीसरे सप्ताह तक रात का तापमान 14 डिग्री तक रिकॉर्ड किया गया था। जनवरी के सप्ताह के बाद मौसम ने करवट बदली और बीते एक सप्ताह में लोगों को सर्दी का अहसास करा दिया। हालात ये हो गए कि लूणकरणसर प्रदेश के सबसे ठंडे स्थानों में शुमार हो गया। पिछले साल जैसी ही सर्दी इस बार भी हुई। मौसम विभाग का कहना है कि अब धीरे-धीरे सर्दी से राहत मिलनी शुरू हो जाएगी। मंगलवार को भी दिन में धूप निकली जिससे दिन में आंशिक राहत मिली। अधिकतम तापमान 22.8 डिग्री और न्यूनतम 7.1 डिग्री रहा। आज अधिकतम तापमान 21 और न्यूनतम तापमान 6 डिग्री रहने की संभावना है।


