राज्य सरकार के एक साल पूरा होने के मौके पर भीलवाड़ा में अंत्योदय सेवा शिविर का जिला स्तरीय कार्यक्रम नगर निगम सभागार में आयोजित हुआ। उपनिदेशक, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग सत्यपाल जांगिड़ ने बताया कि रविवार को अंत्योदय सेवा शिविर के तहत जिले के 35 दिव्यांगों को स्कूटी, 208 विशेष योग्यजन को कृत्रिम अंग और उपकरण का वितरण किया। 100 विशेषयोग्यजन बच्चों को खिलौने दिए गए। महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र ने बताया कि पीएम विश्वकर्मा योजना के तहत 18 ट्रेड्स के जिले 288 दस्तकारों ऋण दिया गया हैं जिन्हें 2 प्रतिशत अतिरिक्त ब्याज अनुदान राज्य सरकार की ओर से दिया गया।कार्यक्रम में जिला कलक्टर नमित मेहता, महापौर राकेश पाठक सहित जनप्रतिनिधि और लाभार्थी मौजूद रहें। जयपुर में आयोजित राज्यस्तरीय आयोजन में दिव्यांगों, विशेष योग्यजनों, श्रमिकों, स्ट्रीट वेंडर्स, दस्तकारों एवं पात्र व्यक्तियों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने शिविर में 2 हजार दिव्यांगों को स्कूटी एवं 10 हजार विशेष योग्यजन को कृत्रिम अंग और उपकरण का वितरण किया। उन्होंने दुर्लभ बिमारियों से पीड़ित बच्चों के लिए मुख्यमंत्री आयुष्मान बाल संबल योजना सहित मुख्यमंत्री विश्वकर्मा पेंशन योजना एवं मुख्यमंत्री सद्भावना केन्द्र का शुभारंभ किया। साथ ही, विभिन्न योजनाओं में 2.15 लाख निर्माण श्रमिकों को 247.76 करोड़ रुपये का हस्तांतरण की। मुख्यमंत्री ने 5 हजार परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत प्रथम किस्त की डीबीटी हस्तांतरित की। आयोजन में ‘मुख्यमंत्री स्वनिधि योजना’ की शुरूआत की। इस योजना के तहत 11 हजार स्ट्रीट वेंडर को ऋण स्वीकृति प्राप्त हुई। पीएम विश्वकर्मा योजना के तहत 18 ट्रेड्स के 30 हजार दस्तकारों को 2 प्रतिशत अतिरिक्त ब्याज अनुदान दिया गया। इसी प्रकार श्री शर्मा ने शिविर में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में आयुष्मान मॉडल सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र की स्वीकृति प्रदान की। साथ ही, आयुष्मान आरोग्य शिविर अभियान का भी शुभारंभ किया। पुलिस विभाग को मिले विभिन्न संसाधन, कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की हुई शुरूआत मुख्यमंत्री ने सवाई मानसिंह स्टेडियम से 101 एडवांस लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस, 25 पुलिस पेट्रोलिंग वाहन एवं 22 पुलिस इंटरसेप्टर वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसी प्रकार 750 मोटरसाइकिलों का वितरण भी किया। इसी दौरान मुख्यमंत्री ने कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की शुरूआत भी की। इससे पूर्व जवाहर कला केन्द्र में राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन एवं राज सखी (सरस) राष्ट्रीय मेला-2024 का अवलोकन किया। साथ ही डीग जिले के पूंछरी का लौठा पहुंचकर मुखारविंद एवं श्रीनाथ जी मंदिर में पूजा-अर्चना की।श्रीनाथजी मंदिर परिसर में पूंछरी का लौठा एवं गोवर्धन परिक्रमा विकास परियोजना का शिलान्यास भी किया।


