बांसवाड़ा में कोतवाली थाना पुलिस और नगर परिषद की संयुक्त टीम ने मंगलवार को शहर में अचानक दबिश देकर प्रतिबंधित चाइनीज मांझा जब्त कर नष्ट कराया। सिंघवाव क्षेत्र में जयंत पुत्र सुनील ताम्बोली की दुकान से 20 गिररी चाइनीज मांझा जब्त किया गया, जबकि कंधारवाड़ी क्षेत्र में अनवर पुत्र सहाबुद्दीन की दुकान पर दबिश देकर 10 गिररी प्रतिबंधित मांझा नष्ट कराया गया। अचानक हुई इस कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप मच गया। अभियान वृत्ताधिकारी गोपीचंद मीणा के सुपरविजन और थानाधिकारी बुद्धाराम के नेतृत्व में चलाया गया। टीम में प्रशिक्षु आरपीएस सुहासी जैन, नगर परिषद की टीम और यूथ सीएलजी सदस्य भी शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि मकर संक्रांति पर्व को देखते हुए जानलेवा चाइनीज मांझे के खिलाफ यह कार्रवाई की गई है। कोतवाली पुलिस ने स्पष्ट किया कि आज भी थाना सर्किल क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान जारी रहेगा। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि वे चाइनीज मांझे का उपयोग न करें और प्रशासन का सहयोग करें।


