सीएमएचओ ने संभाला पदभार, अस्पताल का किया औचक निरीक्षण:स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के दिए निर्देश; बुजुर्गों से आयुष्मान कार्ड बनवाने की अपील

सीएमएचओ यत्नेश त्रिपाठी ने मंगलवार शाम मऊगंज सिविल अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने नई जिम्मेदारी संभालते ही स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के इरादे से यह कदम उठाया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं, साफ-सफाई और मरीजों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया। पदभार ग्रहण करने के बाद सीएमएचओ त्रिपाठी सीधे अस्पताल पहुंचे। बीएमओ प्रद्युम्न शुक्ला ने फूलों का गुलदस्ता भेंट कर उनका स्वागत किया। इसके बाद सीएमएचओ ने ओपीडी, लेबर रूम, वार्डों और अस्पताल की बिल्डिंग का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। कमियों पर निर्देश, बेहतर इलाज पर जोर निरीक्षण के दौरान उन्होंने चिकित्सा अधिकारियों और स्टाफ से मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं, दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई और सेवा की गुणवत्ता पर चर्चा की। जहां भी कमियां पाई गईं, उन्हें सुधारने के लिए तत्काल आवश्यक निर्देश दिए गए। सीएमएचओ ने जोर देकर कहा कि मरीजों को समय पर बेहतर इलाज और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभाने का आग्रह किया। बुजुर्गों से आयुष्मान कार्ड बनवाने की अपील सीएमएचओ ने बताया कि वे कलेक्टर से मुलाकात के बाद सीधे अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंचे थे, ताकि जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा सके। उन्होंने मीडिया के माध्यम से मऊगंज की जनता से अपील की कि 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के बुजुर्ग सिविल अस्पताल मऊगंज या अपने नजदीकी आंगनबाड़ी केंद्र में जाकर आयुष्मान कार्ड अवश्य बनवाएं, जिससे उन्हें इलाज की सुविधा आसानी से मिल सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *