छिंदवाड़ा की कोतवाली पुलिस ने बुधवारी बाजार क्षेत्र में छापामार कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बड़ी खेप पकड़ी है। पुलिस ने यहां जितेंद्र मालवी, ओमप्रकाश मालवी और सुशील मालवी के ठिकानों से 65 रील चाइनीज मांझा बरामद किया है, जिसकी बाजार कीमत 30 से 35 हजार रुपए बताई गई है। हाईकोर्ट की सख्ती के बावजूद आरोपी चोरी-छिपे इसे बेच रहे थे। पुलिस ने सारा सामान जब्त कर कार्रवाई शुरू कर दी है। कोतवाली टीआई आशीष धुर्वे ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर देर रात यह कार्रवाई की गई। जांच में सामने आया कि आरोपी प्रतिबंधित मांझे को चोरी-छिपे 800 रुपए तक की दोगुनी कीमत पर बेच रहे थे। मुनाफे के लालच में दुकानदार राहगीरों और बाइक सवारों की जान जोखिम में डाल रहे थे, जबकि हाईकोर्ट ने इस पर सख्त रोक लगाई है। एक महीने में 12 से ज्यादा हादसे बीते एक माह में छिंदवाड़ा जिले में चाइनीज मांझे की चपेट में आने से एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो चुके हैं। हाल ही में दो बाइक सवार युवक इस खूनी धागे का शिकार बने थे। एक युवक के गले में 42 टांके आए, जबकि दूसरे युवक के गले में 13 टांके लगे। दोनों का निजी अस्पताल में इलाज जारी है। इससे पहले भी कई बच्चे और राहगीर घायल हो चुके हैं। दिखे तो पुलिस को दें सूचना पुलिस का कहना है कि चाइनीज मांझे के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। अवैध गतिविधियों में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं चाइनीज मांझा बिकता दिखाई दे, तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि किसी और की जिंदगी इस ‘मौत के धागे’ की भेंट न चढ़े।


