सीधी जिले के अमिलिया थाना अंतर्गत सिहावल चौकी से रिश्वत लेने का मामला सामने आया है। यहां चौकी प्रभारी अजीत कुमार पांडे पर एक किसान से 50 हजार रुपए रिश्वत लेने का आरोप लगा है। पीड़ित किसान आशुतोष पटेल ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर इसकी शिकायत की, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। शिकायतकर्ता के अनुसार, 11 जनवरी को वह अपने गांव में अपने खेत की मिट्टी समतल करने के लिए अपनी जेसीबी मशीन से काम कर रहे थे। इसी दौरान ग्रामीण ने चौकी प्रभारी से शिकायत कर दी। इसके बाद चौकी प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और अवैध उत्खनन का आरोप लगाते हुए उन्हें डराने-धमकाने लगे। चौकी प्रभारी ने एक लाख की मांग की शिकायतकर्ता ने बताया कि पुलिस ने उनकी जेसीबी मशीन जब्त करने की धमकी दी और उनसे 1 लाख रुपए की मांग की। इस दौरान बब्बे पाठक नामक व्यक्ति को कथित तौर पर दलाल बनाकर उनसे संपर्क किया गया। जब उन्होंने इतनी बड़ी रकम देने से इनकार किया, तो मशीन राजसात करने की बात कही गई। इसके बाद 50 हजार रुपए में सौदा तय हुआ, जिसे उन्होंने बब्बे पाठक के खाते में फोन-पे के जरिए ट्रांसफर किया। पीड़ित ने बाद में महसूस किया कि उन्होंने गलत किया है, जिसके बाद उन्होंने पूरे मामले की शिकायत सीधी पुलिस अधीक्षक से की और न्याय की मांग की। चौकी प्रभारी बोले- किसी से कोई पैसे नहीं मांगे दूसरी ओर, सिहावल चौकी प्रभारी ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि उन्होंने किसी से कोई पैसे नहीं मांगे हैं और उन्हें जानबूझकर इस मामले में फंसाया जा रहा है। उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए पुलिस अधीक्षक से निवेदन भी किया है। सीधी एसपी संतोष कोरी ने बताया कि शिकायतकर्ता की ओर से एक आवेदन प्राप्त हुआ है। इस पूरे मामले की जांच के लिए संबंधित थाना प्रभारी को निर्देशित किया गया है। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


