संभागीय आयुक्त ने ली जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक:बजट घोषणाओं, फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति पर दिए निर्देश

डीडवाना में संभागीय आयुक्त शक्तिसिंह राठौड़ ने जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने बजट घोषणाओं, फ्लैगशिप योजनाओं और विभिन्न विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने योजनाओं के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन पर विशेष जोर देते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में संभागीय आयुक्त ने जिले में बजट घोषणाओं के क्रियान्वयन, पेयजल एवं जलापूर्ति व्यवस्था, अवैध नल कनेक्शनों पर कार्रवाई और सड़क निर्माण सहित अन्य विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं, पशुपालन विभाग की योजनाएं, संपर्क पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों का निस्तारण, शिक्षा विभाग, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, आयुष, उद्योग, महिला अधिकारिता, कृषि व उद्यान, विद्युत तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं की भी विस्तार से समीक्षा की। राठौड़ ने अवैध नल कनेक्शनों पर सख्त कार्रवाई करने, संपर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बजट घोषणाओं से संबंधित भूमि आवंटन और निर्माण कार्य निर्धारित अवधि में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने पर जोर दिया। साथ ही, फसल बीमा से जुड़े प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने और फ्लैगशिप योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने को कहा। बैठक से पहले, संभागीय आयुक्त राठौड़ ने जिला कलेक्टर कार्यालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने राजस्व शाखा, संस्थापन अनुभाग, विकास एवं सामान्य अनुभाग, न्यायिक अनुभाग और चुनाव शाखा का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान, उन्होंने विभिन्न शाखाओं के प्रभारी अधिकारियों से कार्यप्रणाली और प्रगति की जानकारी ली और आवश्यक सुधारात्मक सुझाव दिए। इस अवसर पर जिला कलेक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत, अतिरिक्त जिला कलेक्टर मोहनलाल खटनावलिया, उपखंड अधिकारी विकास मोहन भाटी सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *