निवाड़ी में मकर संक्रांति के मौके पर ओरछा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। बुधवार सुबह से ही बेतवा नदी के पवित्र घाटों पर स्नान के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। पर्व के शुभ मुहूर्त पर श्रद्धालुओं ने बेतवा नदी में आस्था की डुबकी लगाई। ऐसी मान्यता है कि इस दिन पवित्र स्नान करने से पापों का क्षय होता है और पुण्य की प्राप्ति होती है। घाटों पर ‘जय राम राजा सरकार’ और ‘हर हर गंगे’ के जयघोष गूंजते रहे। 20 हजार से अधिक भक्तों ने रामराजा सरकार के किए दर्शन स्नान के बाद, भक्त ओरछा के प्रसिद्ध रामराजा सरकार मंदिर पहुंचे। यहां भी दर्शनार्थियों की भारी भीड़ उमड़ी, जहां श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में लोगों ने दान-पुण्य के कार्य किए। इनमें तिल-गुड़ का वितरण और ब्राह्मण सेवा शामिल थी। घाटों पर भक्तों की सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात इस दौरान, प्रशासन और पुलिस व्यवस्था पूरी तरह सक्रिय रही। भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था में हर कदम पर सतर्कता बरती गई। घाटों पर पुलिस बल तैनात था, जो हर आवाजाही पर नजर रख रहा था। संवेदनशील स्थानों पर एसडीआरएफ की टीमें आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहीं। स्थानीय प्रशासन ने चिकित्सा सहायता, लाइटिंग, बैरिकेडिंग और यातायात नियंत्रण जैसी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं, ताकि भक्तों को कोई असुविधा न हो।


