धनबाद कोयलांचल में मकर संक्रांति की धूम:दामोदर घाटों पर हजारों श्रद्धालुओं ने किया पवित्र स्नान, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

धनबाद सहित पूरे कोयलांचल और आसपास के ग्रामीण इलाकों में मकर संक्रांति का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। सूर्य देव के धनु राशि से मकर राशि में प्रवेश के इस पुण्य अवसर पर श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान किया। दो दिवसीय पर्व होने के कारण घाटों पर भीड़ अपेक्षाकृत नियंत्रित रही। हालांकि कड़ाके की ठंड के बावजूद बुधवार सुबह से ही भक्तों की आवाजाही तेज थी। कोयलांचल की प्रमुख नदियों बराकर और दामोदर के विभिन्न घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। मोहलबनी स्थित दामोदर नदी घाट आस्था का प्रमुख केंद्र रहा, जहां हजारों भक्तों ने पवित्र स्नान किया। श्रद्धालुओं ने भगवान भास्कर (सूर्य देव) को अर्घ्य अर्पित कर सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। मंदिरों के बाहर भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं मोहलबनी के अतिरिक्त सुदामडीह, चासनाला, लालबंगला, कालीमेला और पाथरडीह स्थित दामोदर घाटों पर भी मेले जैसा माहौल देखा गया। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने काली मंदिर, बजरंगबली मंदिर और शिव मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना की। मंदिरों के बाहर भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। मकर संक्रांति के अवसर पर खिचड़ी, तिल-गुड़ और ऊनी वस्त्रों के दान का विशेष महत्व माना जाता है। श्रद्धालुओं ने इस परंपरा का विधि-विधान से पालन किया। विभिन्न सामाजिक संस्थाओं ने भी सेवा कार्यों में सक्रिय रूप से भाग लिया। ग्रामीण क्षेत्रों में मकर संक्रांति के अवसर पर मेलों का आयोजन किया गया, जहां बच्चों और बड़ों ने पारंपरिक व्यंजनों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया। सुदामडीह पुलिस बल सुबह से ही घाटों पर तैनात रहे घाटों पर उमड़ी भारी भीड़ के मद्देनजर जिला प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट रहा। सुदामडीह और मोहलबनी जैसे प्रमुख घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए झरिया अंचल के सीओ और सुदामडीह पुलिस बल सुबह से ही घाटों पर तैनात रहे। पुलिस जवानों द्वारा लाउडस्पीकर के माध्यम से लगातार लोगों को सुरक्षा के मद्देनजर जागरूक किया जा रहा है। प्रशासन ने घाटों पर बैरिकेडिंग कर सुरक्षा घेरा बनाया है और श्रद्धालुओं से अपील की जा रही है कि वे उत्साह में आकर नदी के गहरे पानी की ओर न जाएं। किसी भी संभावित अनहोनी को रोकने के लिए जमीन से लेकर पानी तक कड़ी निगरानी रखी गई है। डूबने की घटनाओं को रोकने के लिए अनुभवी स्थानीय गोताखोरों और रेस्क्यू टीमों को घाटों पर तैनात किया गया है, जो पल-पल की स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। घाट के पास अस्थायी चिकित्सा केंद्र स्थापित किया गया है वहीं, चासनाला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) की ओर से घाट के पास अस्थायी चिकित्सा केंद्र स्थापित किया गया है। मौके पर एंबुलेंस, दक्ष चिकित्सक और पैरामेडिकल स्टाफ की टीम हर समय मुस्तैद है, ताकि किसी भी श्रद्धालु की तबीयत बिगड़ने या चोट लगने की स्थिति में तत्काल इलाज उपलब्ध कराया जा सके। इसके साथ ही मकर स्नान के दौरान सड़कों पर जाम की स्थिति उत्पन्न न हो इसके लिए सुदामडीह पुलिस द्वारा घाटो की ओर जाने वाले मार्गों पर विशेष निगरानी रखी गई है। वाहनों की पार्किंग के लिए अलग-अलग स्थान चिह्नित किए गए हैं, जिससे पैदल आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। स्थानीय प्रशासन ने श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि पर्व का आनंद लें लेकिन सुरक्षा नियमों का पालन अनिवार्य रूप से करें। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की यह मुस्तैदी गुरुवार तक जारी रहेगी, जब तक घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ पूरी तरह नियंत्रित नहीं हो जाती।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *