टोंक में लगातार पांचवें दिन बुधवार को भी मौसम साफ रहा। सुबह से ही सूर्य के दर्शन हुए और कोहरे का कोई असर नजर नहीं आया। पिछले दिनों के मुकाबले आज धूप में थोड़ी तेजी रही, जिससे लोगों को गलन से काफी राहत मिली। धूप निकलने का असर लोगों की दिनचर्या पर भी साफ नजर आया। अन्य दिनों की तुलना में आज वाहन चालकों समेत आमजन की दिनचर्या काफी हद तक सामान्य रही। सुबह के समय सड़कों पर वाहनों की आवाजाही बढ़ती दिखाई दी। सुबह करीब 10 बजे के बाद धूप तेज होने से बाजारों और सड़कों पर चहल-पहल बढ़ गई। सर्दी का असर कम होने से लोगों ने आज ऊनी कपड़े कम पहने। ठंड में राहत मिलने से लोग खुले तौर पर घरों से बाहर निकलते नजर आए। बुजुर्गों और बच्चों को भी ठिठुरन से राहत महसूस हुई। तापमान में बढ़ोतरी के आसार मौसम विभाग के अनुसार, आज अधिकतम तापमान में करीब एक डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने के आसार हैं। अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं, न्यूनतम तापमान भी बीते 24 घंटों में एक डिग्री बढ़कर 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। तापमान में इजाफा होने से लोगों को अब सर्दी से काफी राहत मिल रही है। मकर संक्रांति पर स्कूलों की छुट्टी उधर, दो दिन बाद एक बार फिर बच्चों को स्कूल जाने से छुटकारा मिला है। आज मकर संक्रांति के अवसर पर जिलेभर में स्कूलों में अवकाश घोषित है। पहले 18 दिन का रहा था शीतकालीन अवकाश गौरतलब है कि 25 दिसंबर 2025 से 5 जनवरी तक जिले में 18 दिन का शीतकालीन अवकाश घोषित किया गया था। इसके बाद 6 जनवरी को स्कूल खुलने थे, लेकिन सर्दी का असर ज्यादा होने के कारण जिला प्रशासन ने दो बार अवकाश बढ़ाया। पहले 6 से 8 जनवरी और फिर 9 से 11 जनवरी तक छुट्टी बढ़ाई गई थी। मौसम साफ होने और गलन का असर कम होने पर आगे अवकाश नहीं बढ़ाया गया। इसके चलते 12 और 13 जनवरी को बच्चे स्कूल पहुंचे। इसके बाद आज मकर संक्रांति का अवकाश मिला है। पतंगबाजी में जुटे बच्चे स्कूल की छुट्टी मिलने से बच्चे आज पतंगबाजी में व्यस्त नजर आए। छतों पर रंग-बिरंगी पतंगें उड़ती दिखीं और ‘वो काटा’ की आवाजें गूंजती रहीं। मकर संक्रांति का त्योहार बच्चों के लिए खास उत्साह लेकर आया है।


