सिरोही में जिला कलेक्टर के निर्देशों के बावजूद चाइनीज मांझे की बिक्री लगातार जारी है। इसकी चपेट में आने से एक 7 महीने के मासूम बच्चे का गला कट गया, जबकि छत से गिरने से एक 5 साल के बच्चे के दोनों हाथ फ्रैक्चर हो गए। इन घटनाओं सहित कुल 5 लोग घायल हुए हैं। जानकारी के अनुसार, पाली निवासी दीपक अपने परिवार के साथ स्वरूपगंज से पाली जा रहे थे। इसी दौरान अचानक चाइनीज मांझा उनके 7 महीने के बेटे करण की गर्दन में फंस गया, जिससे उसकी गर्दन में करीब 4 इंच गहरा घाव हो गया। बच्चे की हालत गंभीर होने पर उसे स्वरूपगंज अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सिरोही ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। इधर, सिरोही शहर के क्रागुआवास में पूर्ण प्रकाश प्रजापत का बेटा हर्ष छत से गिरकर घायल हो गया। इस हादसे में उसके दोनों हाथ फ्रैक्चर हो गए और माथे पर 3 टांके लगाने पड़े। परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। गले और चेहरे पर चाइनीज मांझे से कट लगा
इसके अलावा पिंडवाड़ा में 2 और स्वरूपगंज सरकारी अस्पताल में 1 व्यक्ति चाइनीज मांझे की चपेट में आने से घायल हो गए। इनमें बाइक सवार और पैदल चलने वाले लोग शामिल थे, जिनके गले और चेहरे पर मांझे से कट लग गए।
सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने उनका उपचार शुरू किया। गंभीर घायलों को भर्ती किया गया, जबकि कुछ को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।


