जालंधर में घर में घुसकर धारदार हथियारों से हमला:तोड़फोड़ की, पतंग उड़ाने को लेकर हुआ विवाद, शराब के नशे में गाली-गलौज

जालंधर के बस्ती गुजा इलाके में बिदा चौक के पास बुधवार को 35-40 लोगों ने मिलकर धारदार हथियारों से एक मकान पर हमला कर दिया। हमले के दौरान आरोपियों ने घर में जमकर तोड़फोड़ की और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार, बीते दिन दोनों गुटों के युवकों ने मिलकर पतंग उड़ाई थी। इसके बाद देर रात युवकों ने शराब पी। इसी दौरान एक गुट के युवकों ने दूसरे पक्ष के युवक के पिता को गालियां देनी शुरू कर दीं। पीड़ित आनंद ने बताया कि युवकों को पहले ही शोर न मचाने की हिदायत दी गई थी, क्योंकि इससे विवाद हो सकता था। शराब के नशे में गाली-गलौज आनंद ने बताया कि देर रात जब वह अपने दोस्त कालू के घर गया तो वहां शराब के नशे में उसके पिता को गालियां दी जाने लगीं। जब उसने इसका विरोध किया तो दोनों पक्षों में विवाद हो गया। बीच-बचाव के दौरान उसके ताऊ का लड़का भी वहां पहुंचा और जमकर हाथापाई हुई। लोगों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हो गया था। पीड़ित परिवार का आरोप है कि इसी विवाद की रंजिश में अगले दिन उक्त युवक अपने साथियों के साथ उनके घर पहुंचा और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमलावरों ने घर में घुसकर तोड़फोड़ की और धमकी देते हुए फरार हो गए। पहले फोन करके बुलाया, नहीं आया तो किया हमला घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना बस्ती बाबा खेल के जांच अधिकारी नीला राम ने बताया कि बीते दिन कालू नामक युवक के साथ विवाद हुआ था। आज कालू ने फोन कर पीड़ित को लाहौरियां मोहल्ले बुलाया था, लेकिन जब वह वहां नहीं पहुंचा तो आरोपियों ने उसके घर पर हमला कर दिया। जांच अधिकारी ने बताया कि पीड़ित पक्ष के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। अब दूसरे पक्ष के घर जाकर भी जांच की जाएगी। दोनों पक्षों के बयानों और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *