पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के पुत्र और छिंदवाड़ा के पूर्व सांसद नकुल नाथ, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा और हनी बघेल ने बुधवार दोपहर को बड़वानी जिले के राजपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं पूर्व गृहमंत्री बाला बच्चन के पैतृक निवास कासेल पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की। उनके साथ बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता भी मौजूद थे। नकुलनाथ ने बाला बच्चन को गले लगाकर सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि यह हमारे परिवार के लिए दुखद समय है, क्योंकि उनकी बेटी की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हुई है। नकुल नाथ ने बताया कि सज्जन सिंह वर्मा सहित पूरा कांग्रेस परिवार बाला बच्चन के साथ खड़ा है। उन्होंने ईश्वर से बाला बच्चन और उनके परिवार को धैर्य और साहस प्रदान करने की प्रार्थना की। उल्लेखनीय है कि पूर्व गृहमंत्री बाला बच्चन की बेटी प्रेरणा बच्चन का शुक्रवार तड़के इंदौर के रालामंडल में एक सड़क हादसे में निधन हो गया था। बेटी के निधन के बाद से ही बाला बच्चन के पैतृक निवास कासेल में भाजपा और कांग्रेस के नेताओं द्वारा श्रद्धांजलि अर्पित करने का सिलसिला जारी है। नकुलनाथ हेलीकॉप्टर से ग्राम कासेल पहुंचे थे। उनके साथ पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा और हनी बघेल सहित कई कांग्रेस नेता भी उपस्थित थे।


