भास्कर न्यूज | मनेंद्रगढ़ झगराखंड नवयुवक समिति द्वारा आयोजित वार्ड वार क्रिकेट प्रतियोगिता का समापन हुआ। फाइनल मुकाबले में वार्ड क्रमांक 11 ने वार्ड क्रमांक 2 को 33 रनों से हराकर खिताबी जीत दर्ज की। पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल शामिल हुए और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता के खिताबी मुकाबले में वार्ड क्रमांक 11 और वार्ड क्रमांक 2 के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। वार्ड 2 ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। बल्लेबाजी करते हुए वार्ड क्रमांक 11 की टीम ने निर्धारित ओवरों में 9 विकेट खोकर 132 रनों का स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से रवि दीवान ने 36, रवि सिंह ने 31 और भोला ने 22 रनों का योगदान दिया। जवाब में 133 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वार्ड क्रमांक 2 की टीम दबाव में बिखर गई और पूरी टीम महज 100 रनों पर सिमट गई। इस तरह वार्ड 11 ने 33 रनों से जीत हासिल कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को व्यक्तिगत पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। मैन ऑफ द मैच रवि दीवान, मैन ऑफ द सीरीज दीपू दीवान, बेस्ट बॉलर नैतिक यादव, बेस्ट बैट्समैन अजय मौर्य और बेस्ट फील्डर का पुरस्कार दीपू को दिया गया। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से स्थानीय स्तर पर छिपी खेल प्रतिभाओं को निखरने और अपनी क्षमता दिखाने का मौका मिलता है। उन्होंने झगराखंड नवयुवक समिति के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि खेल अनुशासन और टीम भावना सिखाते हैं। प्रतियोगिता में नगर के 15 वार्डों और प्रेसिडेंट इलेवन सहित कुल 16 टीमों ने हिस्सा लिया। सफल आयोजन में समिति के अध्यक्ष अजय सिंह, विनोद थापा, अभिषेक सिंह, अमन श्रीवास, मान सिंह, जीत परेवा, अंबर, अंकित और अर्जुन केंवट की सक्रिय भूमिका रही। मैच के दौरान अंपायरिंग अमन श्रीवास और सुलेमान खान ने की।


