डीग में के.एल. जोशी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में बुधवार को एक विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण डीग के तत्वावधान में हुआ। शिविर का आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण डीग के अध्यक्ष, जिला एवं सत्र न्यायाधीश हेमराज गौड़, तथा सचिव (मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट) रेनू शकीत के निर्देशन में किया गया।
लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम डीग के सदस्यों ने उपस्थित विद्यार्थियों और अध्यापकों को साइबर क्राइम, डिजिटल अरेस्ट से बचाव और ऑनलाइन ठगी के तरीकों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। इसके अलावा अनिवार्य शिक्षा का अधिकार, लैंगिक उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, बाल विवाह और दहेज प्रथा जैसी सामाजिक बुराइयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। विद्यार्थियों को पोक्सो एक्ट और अन्य नवीन कानूनों की जानकारी देते हुए उनके अधिकारों और कानूनी संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के चीफ विनोद शर्मा, डिप्टी चीफ राजेंद्र शर्मा, असिस्टेंट सोना गौतम, रोहन फौजदार और आशुतोष शर्मा उपस्थित रहे। विद्यालय की ओर से उप प्रधानाचार्य निहाल सिंह, बीरबल सिंह, निशा कुमारी, रामेश्वर प्रसाद शर्मा, मनीष शर्मा, नेतराम मीणा सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी भी मौजूद थे।
शिविर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को कानून की बुनियादी जानकारी प्रदान कर उन्हें सजग और जागरूक नागरिक बनाना था।


