संभल में सरकारी जमीनों को खाली कराने के लिए एक बार फिर बुलडोजर एक्शन चल रहा है। बिछोली गांव में करीब 27 बीघा सरकारी जमीन से अवैध कब्जे हटाए जा रहे हैं। बुधवार को 4 कानूनगो, 20 लेखपाल और एक नायब तहसीलदार की टीम पहुंची। उनके पीछे-पीछे दो बुलडोजर भी आए। मकानों की पैमाइश के बाद तत्काल बुलडोजर एक्शन शुरू हुआ। सबसे पहले गांव के प्रधान अतीक का घर तोड़ा गया। इसके बाद बाकी घरों पर बुलडोजर चला। एक ऐसे घर को भी जमींदोज किया गया, जहां परिवार में मंगनी सेरेमनी थी। एक युवक ने बताया- आज मेरी चचेरी बहन की मंगनी है। हम लोग तैयार होकर जा रहे हैं। आज ही हमारे घर को बुलडोजर तोड़ने पहुंच गया है। गांव के कुछ दलाल इस काम में आगे चल रहे हैं। एक्शन के दौरान गांव के चारों तरफ 15 जगहों पर पुलिस बल के साथ RAF की एक कंपनी तैनात की गई। राजस्व विभाग की टीम ने लोगों से मकान खाली करने को कहा। कुछ ने विरोध किया तो पुलिस ने समझाइश देकर शांत कराया। बाद में लोग मकानों से सामान बाहर निकालने लगे। छत पर रखी पानी की टंकी भी उतारकर नीचे ले आए। जिस जमीन से अवैध कब्जे हटाए जा रहे हैं, उनमें 12 बीघा मवेशियों के चरने के लिए छोड़ी गई जमीन, 8 बीघा बाग की जमीन, साढ़े चार बीघा खाद के गड्ढे की जमीन, सवा बीघा खेल का मैदान, आधा बीघा स्कूल की जमीन और आधा बीघा पंचायत घर की जमीन शामिल है। इससे पहले गांव सलेमपुर सलार उर्फ हाजीपुर और राया बुजुर्ग गांव में सरकारी जमीन पर अवैध मकानों को बुलडोजर से गिराया गया था। पहले तस्वीरें देखिए- गांव बिछोली में बुलडोजर एक्शन के अपडेट के लिए लाइव ब्लॉग से गुजर जाइये…


