गीले पात्र में सूखा कचरा डालने पर चले लात-घूंसे, VIDEO:झगड़े में मां-बेटा घायल, बचाने आए लोगों से भी की मारपीट

अलवर शहर के अखैपुरा थाना क्षेत्र स्थित करौली कुंड इलाके में कचरा डालने को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे चले। इस दौरान एक पक्ष की मां-बेटा घायल हो गए। बीच-बचाव करने पहुंचे मोहल्ले के लोगों के साथ भी लात-घूंसे और डंडों से मारपीट की गई। सूचना मिलने पर अखैपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों का विवाद शांत करवाकर उन्हें थाने बुलाया। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है। एक पक्ष के गोकुल सैनी ने बताया कि उनकी पत्नी चंद्रकला नगर निगम की गाड़ी में कचरा डालने गई थी। इस दौरान गलती से गीले वाले कचरा पात्र में सूखा कचरा डाल दिया, जिस पर निगम कर्मचारियों ने जुर्माना लगा दिया। इसके बाद बचा हुआ कचरा वह पास ही स्थित ट्रांसफॉर्मर के पास डालने गईं, जहां लोग पिछले करीब 50 साल से कचरा डालते आ रहे हैं। इसी दौरान ताराचंद मौके पर पहुंचा और उनकी पत्नी से गाली-गलौज करने लगा। थोड़ी ही देर में गोकुल सैनी भी वहां पहुंच गए और आरोप है कि राकेश सैनी, मुकेश, हरिसिंह सहित करीब 10 लोग मौके पर आ गए और मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान चंद्रकला और उनके बेटे मयंक सैनी को गंभीर चोटें आईं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कचरा उठाने के लिए गाड़ी भेजते हैं वहीं दूसरे पक्ष के ताराचंद का कहना है कि नगर निगम द्वारा नियमित रूप से कचरा उठाने के लिए कचरा गाड़ी भेजी जाती है। सड़क किनारे या ट्रांसफॉर्मर के पास कचरा डालना गलत है, इससे गंदगी फैलती है और हादसों की आशंका बनी रहती है। उनका कहना है कि कचरा सीधे नगर निगम की गाड़ी में ही डाला जाना चाहिए। मारपीट के दौरान बीच-बचाव करने आए मोहल्ले के कुछ लोगों को भी चोटें आई हैं। फिलहाल अखैपुरा थाना पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुला लिया है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की ओर से शिकायत लेकर मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। घटना बुधवार सुबह करीब साढ़े 9 बजे की बताई जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *