राजसमंद में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत देवगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक ममता गुप्ता के निर्देशानुसार थाना देवगढ़ पुलिस द्वारा यह कार्रवाई की गई। थाना इंचार्ज मुकेश चौधरी के नेतृत्व में पुलिस चौकी बग्गड़ के बाहर नाकाबंदी के दौरान भीम की ओर से आ रहे ट्रेलर नंबर आरजे 36 जीए 9153 को रुकवाकर तलाशी ली गई। पाउडर के कट्टे की आड़ में शराब तस्करी प्रारंभिक जांच में ट्रेलर में पाउडर के कट्टे भरे हुए दिखाई दिए, लेकिन ट्रेलर के नीचे दोनों ओर बने टूल बॉक्सनुमा हिस्सों की तलाशी लेने पर कागज के खाकी रंग के कार्टन मिले। पूछताछ के दौरान चालक घबरा गया और कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। सख्ती से पूछने पर वाहन के अंदर अवैध शराब होना स्वीकार किया गया। ये माल पकड़ा तलाशी में 22 कार्टन रॉयल चैलेंज व्हिस्की (पव्वे), 10 कार्टन 8 पीएम स्पेशल व्हिस्की (पव्वे) 5 कार्टन ओल्ड मोंक रम बरामद की गई। अवैध शराब के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या लाइसेंस प्रस्तुत नहीं करने पर चालक को गिरफ्तार कर थाना देवगढ़ में धारा 19/54 आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।


