दतिया के दुरसड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम मवई में असामाजिक तत्वों ने संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना शनिवार-रविवार रात की है। रविवार सुबह ग्रामीणों ने क्षतिग्रस्त प्रतिमा देखी। ग्रामीणों में काफी आक्रोश है। गुस्साए लोग आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर सख्त कार्रवाई करने की मांग कर रहे है। वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए भांडेर एसडीओपी मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। अज्ञात लोगों ने गांव में लगी बाबा साहब अंबेडकर की प्रतिमा का एक हाथ को क्षतिग्रस्त कर दिया। एसडीओपी बोले- अमन और शांति भंग करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी एसडीओपी कार्णिक श्रीवास्तव ने बताया कि मवई में अज्ञात लोगो ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त कर दी है। सुबह जब ग्रामीण जगे तब मामले का खुलासा हुआ है। ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है। अज्ञात लोगों पर मामला दर्ज कर लिया गया है। जल्द से जल्द आरोपी को पकड़कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। अमन, चैन, शांति भंग करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


