नाकाबंदी में 1.91 लाख रुपये कैश के साथ 6 गिरफ्तार:पुलिस ने आरोपियों की कार और स्पोर्ट्स बाइक जब्त की, गुजरात में एनडीपीएस एक्ट में पहले से ही केस दर्ज

अरनोद थाना पुलिस ने नौगावां चौकी के सामने नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार और एक स्पोर्ट्स बाइक जब्त की है। पुलिस ने दोनों वाहनों से कुल 1 लाख 91 हजार 500 रुपये नकद बरामद किए हैं और इस मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई 13 जनवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशानुसार चलाए गए विशेष अभियान के तहत की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक गुजरात पासिंग कार में सवार चार लोग और एक स्पोर्ट्स बाइक पर देवल्दी निवासी दो व्यक्ति संदिग्ध उद्देश्य से क्षेत्र में प्रवेश कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने नौगावां चौकी के सामने नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। पुलिस को देखकर भागने लगे आरोपी नाकाबंदी के दौरान देवल्दी की ओर से आ रही कार और मोटरसाइकिल को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन दोनों वाहन चालक पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस टीम ने तुरंत पीछा कर घेराबंदी की और कुछ ही दूरी पर दोनों वाहनों को पकड़ लिया। वाहन दस्तावेज नहीं मिले, नकदी संदिग्ध पुलिस जांच में मोटरसाइकिल चालक फेजल खान और उसके साथी अरशिल खान के पास वाहन से जुड़े कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले, जिस पर अपाचे मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया गया। वहीं कार चालक रफीक खान और उसके साथियों की तलाशी के दौरान कार से 1,91,500 रुपये नकद बरामद हुए। आरोपियों द्वारा नकदी के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया, जिसके चलते पुलिस ने राशि को संदिग्ध मानते हुए जब्त कर लिया। शांति भंग के आरोप में छह गिरफ्तार पुलिस ने सभी छह आरोपियों को लोक शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में देवल्दी, अरनोद निवासी फेजल खान और अरशिल खान शामिल हैं। इसके अलावा गुजरात के जिला गिर सोमनाथ स्थित वेरावल की राघव कॉलोनी निवासी रफीक खान, दिलावर खान, आदिल और असफाक को भी हिरासत में लिया गया है। आपराधिक रिकॉर्ड भी आया सामने पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी फेजल खान के खिलाफ गुजरात में एनडीपीएस एक्ट का एक मामला पहले से दर्ज है। वहीं आरोपी आदिल के विरुद्ध दो आबकारी एक्ट और एक एनडीपीएस एक्ट सहित कुल तीन आपराधिक प्रकरण दर्ज बताए गए हैं। पुलिस जब्त नकदी, कार और मोटरसाइकिल के स्रोत को लेकर गहन जांच और पूछताछ कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *