दतिया में सेना दिवस के अवसर पर पहली बार भूतपूर्व सैनिकों के सम्मान में वेटरंस डे सेलिब्रेशन का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सर्किट हाउस में 36 आर्टिलरी ब्रिगेड के तत्वावधान और 139 मीडियम रेजिमेंट के सहयोग से संपन्न हुआ। इस आयोजन ने जिले के पूर्व सैनिकों में नया उत्साह और आत्मगौरव भर दिया। इस समारोह में जिले के 70 भूतपूर्व सैनिक (ईएसएम) और 5 वीर नारी/वीर माताएं शामिल हुईं। सेना के वरिष्ठ अधिकारी कुमार सुमंत, नायब सूबेदार जयदेव नायक सहित अन्य सैन्य अधिकारी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े ने भूतपूर्व सैनिकों को संबोधित करते हुए राष्ट्र की सुरक्षा और निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान की सराहना की। उन्होंने आश्वासन दिया कि सिविल प्रशासन भूतपूर्व सैनिकों की हर समस्या के समाधान के लिए सदैव तत्पर रहेगा। कलेक्टर वानखेड़े ने पूर्व सैनिकों से अपील की कि वे 26 जनवरी और 15 अगस्त जैसे राष्ट्रीय पर्वों को सिविल प्रशासन के साथ मिलकर सामूहिक रूप से मनाएं। इसका उद्देश्य समाज में देशभक्ति और एकता के संदेश को और अधिक मजबूत करना है। वहीं, 139 मीडियम रेजिमेंट और 36 आर्टिलरी ब्रिगेड के अधिकारियों ने भी सैनिकों के अनुशासन, त्याग और राष्ट्र सेवा की भावना पर प्रकाश डाला। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि भूतपूर्व सैनिक आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।कार्यक्रम में शामिल पूर्व सैनिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि दतिया जिले में इस तरह का आयोजन पहली बार हुआ है, जिसमें स्वयं कलेक्टर की उपस्थिति रही। सभी ने इस पहल को ऐतिहासिक बताते हुए सेना और प्रशासन का आभार व्यक्त किया।


