देवास में हिन्द रक्षक संगठन द्वारा मकर संक्रांति का पर्व इस वर्ष भी हर्षोल्लास और पारंपरिक तरीके से मनाया गया। संगठन ने अपना 21वां मकर संक्रांति पर्व नावेल्टी चौराहा पर भव्य पतंग महोत्सव के रूप में आयोजित किया। कार्यक्रम का आयोजन पार्षद एवं नगर निगम में नेता सत्तापक्ष मनीष सेन के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक गायत्रीराजे पवार रहीं। विशेष अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष रायसिंह सेंधव, महापौर प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल और सभापति रवि जैन सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। मंच पर पहुंचे सभी अतिथियों का संगठन के सदस्यों ने भगवा गमछा ओढ़ाकर स्वागत किया। वंदेमातरम और सुंदरकांड से हुआ शुभारंभ पतंगोत्सव का शुभारंभ संगीतमय वंदेमातरम गीत और सुंदरकांड पाठ के साथ किया गया। इसके बाद अतिथियों ने रंग-बिरंगे गुब्बारों के साथ पतंगें उड़ाकर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया। विधायक गायत्रीराजे पवार ने अपने संबोधन में कहा कि मकर संक्रांति हिंदू धर्म का प्रमुख पर्व है और पार्षद मनीष सेन पिछले 21 वर्षों से भारतीय संस्कृति और परंपराओं को जीवंत बनाए हुए हैं। उन्होंने आयोजन समिति और हिन्द रक्षक संगठन को इस निरंतर आयोजन के लिए बधाई दी। सेवा और प्रतिभा का सम्मान कार्यक्रम के दौरान सामाजिक सेवा और कला के क्षेत्र में योगदान देने वालों का सम्मान भी किया गया। वृद्धाश्रम में वृद्धजनों की सेवा करने वाले दिनेश चौधरी को सम्मानित किया गया। वहीं आदियोगी की आकर्षक पेंटिंग बनाने वाली सभापति रवि जैन की बेटी मोक्षा जैन को भी विशेष रूप से सम्मान मिला। इसके अलावा भाजपा जिलाध्यक्ष रायसिंह सेंधव को उनके सफल एक वर्षीय कार्यकाल के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में शामिल स्कूली बच्चों को अल्पाहार कराया गया और उन्हें पतंग, चकरी व तिलगुड़ वितरित किए गए। आयोजन के समापन पर करीब 7 हजार पतंगों, आलू बड़े, चकरी और तिलगुड़ का निःशुल्क वितरण किया गया। पतंग महोत्सव के दौरान पूरा क्षेत्र रंग-बिरंगी पतंगों से सजा नजर आया। आयोजन ने न केवल मकर संक्रांति की पारंपरिक खुशियों को साझा किया, बल्कि सेवा, संस्कृति और सामाजिक समरसता का संदेश भी दिया।


