बूंदी पुलिस ने पेच की बावड़ी में सूने मकान से हुई चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों धनराज उर्फ कालू और रामराज से चोरी किया गया पूरा सामान भी बरामद कर लिया है। यह जानकारी जिला पुलिस अधीक्षक राजेंद्र कुमार मीणा (आईपीएस) ने दी। यह घटना 11 जनवरी 2026 को हुई थी। फरियादी अब्दुल गफ्फार (62) निवासी पेच की बावड़ी ने 12 जनवरी 2026 को हिंडोली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 11 जनवरी को वह अपने परिवार के साथ किशनगढ़, अजमेर गए हुए थे। इसी दौरान श्यामलाल मीणा ने उन्हें फोन कर सूचना दी कि उनके मकान के तीनों कमरों के ताले टूटे हुए हैं। सूचना मिलने पर अब्दुल गफ्फार 12 जनवरी को दोपहर 1 बजे अपने घर लौटे। घर में घुसकर देखने पर उन्हें कई सामान गायब मिले। इनमें एक फ्रिज, एक सिलाई मशीन, एक गैस टंकी, एक गैस चूल्हा, एक होम थिएटर, खाना बनाने के बर्तन, गेती, फावड़ा, एक इन्वर्टर की बैटरी, एक बड़ा भगोना, एक पानी की मोटर, एक पंखा और एक हेलमेट शामिल थे। फरियादी ने आसपास तलाश की तो उन्हें अपने घर का आधा सामान आरोपी कालू लाल के घर के बाहर मिला। इस संबंध में हिंडोली थाने में प्रकरण संख्या 24/2026, धारा 331(4), 305(a) BNS 2023 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। जिला पुलिस अधीक्षक बूंदी ने संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम, अपराधियों की गिरफ्तारी और चोरी के माल की बरामदगी के लिए विशेष निर्देश दिए थे। इसी के तहत यह कार्रवाई की गई।


