फिल्म ‘बिहू अटैक’ 16 जनवरी को रिलीज होगी:उदयपुर के देव मेनारिया लीड रोल में दिखेंगे, सेना के जवानों के लिए शो रहेगा फ्री; असम की दिखेगी झलक

फिल्म ‘बिहू अटैक’ 16 जनवरी को देशभर के 200 सिनेमाघरों में एक साथ रिलीज होगी। फिल्म की कहानी असम के प्रसिद्ध बिहू त्योहार से जुड़ी ऐतिहासिक घटना पर आधारित है। इस फिल्म में डायरेक्शन के साथ ही लीड रोल में उदयपुर के देव मेनारिया दिखेंगे। यह फिल्म भारतीय सेना के साहस और असम की खूबसूरत संस्कृति की कहानी बताती है। देव ने बताया- 16 जनवरी को रिलीज के दिन सेना के जवानों के लिए इस फिल्म का प्रदर्शन पूरी तरह मुफ्त रहेगा। फिल्म में बॉलीवुड के कई जाने-माने चेहरे नजर आएंगे। इनमें अरबाज खान, डेजी शाह, राहुल देव, रजा मुराद और हितेन तेजवानी जैसे बड़े नाम शामिल हैं। युक्ति कपूर भी इस फिल्म में अहम भूमिका में नजर आएंगी। कश्मीर की बर्फीली वादियों और असम के जंगलों में हुई फिल्म की शूटिंग
रिलीज से पहले देव मेनारिया ने उदयपुर में मीडिया से कई महत्वपूर्ण जानकारियां शेयर कीं। उन्होंने बताया कि यह फिल्म उनके दिल के बहुत करीब है। फिल्म की शूटिंग कश्मीर की बर्फीली वादियों और असम के सुंदर जंगलों में की गई है। इसमें दिखाया गया है कि कैसे हमारे सैनिक कठिन परिस्थितियों में भी देश की रक्षा करते हैं। फिल्म का एक गाना ‘इश्क सूफियाना’ पहले ही रिलीज हो चुका है। फिल्म का ट्रेलर देखने के बाद से ही दर्शकों में इसे लेकर उत्सुकता है। देव मेनारिया ने बताया- इस प्रोजेक्ट को लेकर उन्होंने देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से भी मुलाकात की थी। साथ ही उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और प्रेमानंद महाराज का आशीर्वाद भी लिया है। देव का मानना है कि यह फिल्म युवाओं में देशभक्ति का जज्बा पैदा करेगी। मेनारिया समाज ने फिल्म का शो किया बुक
देव ने बताया- मेवाड़ के लोगों के लिए यह गर्व की बात है कि उनके बीच का एक युवा आज बॉलीवुड में लीड रोल कर रहा है। पूर्व विधायक प्रीति शक्तावत ने कहा- देव ने 14 साल तक मुंबई में बहुत संघर्ष किया है। उनका यह सफर आज के बच्चों के लिए एक बड़ी मिसाल है। उनकी मेहनत और लगन ने दिखाया है कि कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है।मेनारिया समाज और उदयपुर के स्थानीय संगठनों ने भी फिल्म को पूरा समर्थन दिया है। मेनारिया समाज के अध्यक्ष बंशीलाल मेनारिया ने समाज के लोगों के लिए फिल्म का एक पूरा शो बुक किया है। वहीं प्रीति शक्तावत ने भी अपनी ओर से एक शो दिखाने की घोषणा की है। इंटक प्रदेशाध्यक्ष जगदीश राज श्रीमाली ने कहा कि फिल्म की सफलता के बाद उदयपुर में देव कानागरिक अभिनंदन किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *