कोतवाली पुलिस ने स्मैक तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया:तीन आरोपी गिरफ्तार, स्मैक पुड़िया और एविल इंजेक्शन जब्त

बारां शहर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक संगठित गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से स्मैक की पुड़िया, एविल इंजेक्शन और सीरिंज जब्त की गई हैं। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट सहित संगठित अपराध की धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने जिले में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में 13 जनवरी 2026 को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश चौधरी के निर्देशन और वृत्ताधिकारी हरिराम सोनी के सुपरविजन में कोतवाली थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की। थानाधिकारी योगेश चौहान को मुखबिर से सूचना मिली थी कि शाकिर उर्फ भैया, हसन और अनवर हुसैन संगठित गिरोह के रूप में स्मैक की खरीद-फरोख्त कर रहे हैं। ये आरोपी स्मैक को छोटी-छोटी पुड़ियों में बांटकर शहर के अलग-अलग इलाकों में बेचते थे। कुछ मामलों में वे स्मैक को एविल इंजेक्शन में मिलाकर नशे के रूप में भी सप्लाई कर रहे थे। सूचना के आधार पर पुलिस टीम डोल मेला तालाब की पाल पहुंची। वहां तीनों आरोपी स्मैक व इंजेक्शन बेचते हुए मिले। पुलिस ने मौके पर ही तीनों को हिरासत में लेकर तलाशी ली, जिसमें उनके पास से स्मैक की पुड़िया, एविल इंजेक्शन और सीरिंज बरामद हुईं। इसके बाद तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि शहर और आसपास के इलाकों में स्मैक तथा इंजेक्शन के जरिए नशा बेचने वालों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *