फाजिल्का जिले के बल्लूआना हलके के गांव सुखचैन में आज एक 22 वर्षीय नवविवाहिता की मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। बता दे कि मृतका की पहचान फतेहाबाद के गांव काजलहेड़ी की रहने वाली मंजू (22) रूप में हुई है। उसके भाई वकील चंद ने बताया कि मंजू का विवाह करीब चार माह पहले गांव सुखचैन का रहने वाला प्रदीप कुमार से हुआ था।वकील चंद के अनुसार, शादी के बाद से ही मंजू और प्रदीप के बीच अनबन रहने लगी थी। 15 दिन पहले आई थी ससुराल इस दौरान मंजू करीब डेढ़ माह अपने मायके में रही। वकील चंद ने आरोप लगाया कि प्रदीप उसकी बहन पर शक करता था, जबकि मंजू ने प्रदीप को किसी अन्य लड़की से बात करते हुए पकड़ा था और उसके मोबाइल में लड़की की फोटो भी मिली थी। 15 दिन पहले ही मंजू के ससुराल वाले उसे यह कहकर वापस ले आए थे कि प्रदीप सुधर गया है और भविष्य में कोई शिकायत नहीं आएगी। ससुराल पक्ष पर आरोप वकील कुमार ने बताया कि आज दोपहर बाद उन्हें बहन की मौत की सूचना मिली। जब वे गांव से सुखचैन पहुंचे, तो मंजू सीतो गुन्नों अस्पताल में थी, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था।वकील कुमार ने आरोप लगाया कि उनकी बहन अपने ससुरालियों से परेशान थी, इसलिए उसकी मौत के लिए ससुराल परिवार जिम्मेदार है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार वकील कुमार ने बताया कि मंजू की मौत का असली कारण अभी तक पता नहीं चला है, लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से सच्चाई सामने आएगी। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।वहीं, मृतका की सास कमला देवी ने बताया कि वह अपने कमरे में सिलाई कर रही थीं। जब काफी देर तक मंजू बाहर नहीं आई, तो उन्होंने कमरे में जाकर देखा। मंजू के नाक से खून बह रहा था, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसकी मौत हो गई।


