छतरपुर में युवक के आत्महत्या की आशंका:प्रताप सागर तालाब में रेस्क्यू टीम ने तलाश किया; सीसीटीवी कैमरा में जाते दिखा

छतरपुर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित प्रताप सागर तालाब में एक युवक के आत्महत्या करने का संदेह जताया जा रहा है। सबनीगर मोहल्ले का निवासी फरीद नामक युवक मंगलवार रात से लापता है। एसडीआरएफ की टीम तालाब में लगातार सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है, लेकिन अभी तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है। परिजनों के अनुसार, फरीद मेडिकल क्षेत्र में काम करता था। मंगलवार रात करीब 10:30 बजे वह अपनी दुकान से निकला था। उसने पहले अपने मालिक को घर छोड़ा। इसके बाद जब परिजनों ने उसे फोन किया तो फरीद ने बताया कि वह थोड़ी देर से घर आएगा। बाद में उसका फोन लगातार व्यस्त आया और कुछ देर बाद बंद हो गया। सीसीटीवी फुटेज में फरीद को प्रताप सागर तालाब की ओर जाते हुए देखा गया है। तालाब के किनारे उसकी स्कूटी और चप्पलें मिली हैं, जिससे आत्महत्या की आशंका और गहरी हो गई है।फरीद के चाचा मोहम्मद सलीम ने बताया कि युवक का विवाह मार्च महीने में तय था। परिवार इस घटना से स्तब्ध है। एसडीआरएफ और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम रेस्क्यू कार्य में जुटी हुई है। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है और परिजनों के बयान दर्ज कर रही है। मंगलवार रात से लापता हुए युवक का बुधवार देर रात तक, यानी 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी, कोई सुराग नहीं मिल सका है। पुलिस और परिजन लगातार उसकी तलाश में जुटे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *