भाजपा नेता की मां सहित दो महिलाओं से चेन स्नैचिंग:दंदरौआ धाम हनुमान मंदिर में वारदात, बिजली गुल होने से CCTV बंद था

ग्वालियर के शताब्दीपुरम स्थित दंदरौआ धाम हनुमान मंदिर में दो बुजुर्ग महिलाओं के गले से सोने की चेन बदमाश उड़ा ले गए। वारदात उस समय हुई जब मंदिर में दर्शनार्थियों की भारी भीड़ थी। इनमें भाजपा नेता दिनेश शर्मा की 75 वर्षीय मां मुन्नी देवी शर्मा भी शामिल हैं। बदमाशों ने भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं को धक्का दिया और उनके गले से चेन खींचकर फरार हो गए। मुन्नी देवी शर्मा ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 11 बजे दर्शन के दौरान उन्हें अचानक धक्का लगा और इसी दौरान उनकी सोने की चेन छीन ली गई। इसी घटना में शताब्दीपुरम निवासी 72 वर्षीय उमा राजावत की भी सोने की चेन छीन ली गई। दिनेश शर्मा के अनुसार, उमा राजावत की चेन करीब दो तोला और उनकी मां की चेन सवा तोला वजनी थी। दोनों चेन की कुल कीमत लगभग 5 लाख रुपए बताई जा रही है। वारदात के समय डीवीआर बंद था घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, लेकिन वारदात के समय बिजली गुल होने के कारण डीवीआर बंद हो गया था। इस वजह से घटना सीसीटीवी में कैद नहीं हो सकी और पुलिस को फुटेज नहीं मिल पाए। इस मामले में जानकारी देते हुए महाराजपुरा थाना प्रभारी यशवंत गोयल ने बताया कि मंदिर दर्शन करने आई कुछ महिलाओं के साथ चेन स्नैचिंग घटना हुई है। पीड़ित महिलाओं की शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ बुधवार को मामला दर्ज कर लिया है, उनकी तलाश की जा रही है जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *