शिवपुरी से रामेश्वरम जल चढ़ाने जा रहे श्रद्धालुओं की कार तमिलनाडु में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में शिवपुरी के ठकुरपुरा निवासी शिवचरण पाल (पुत्र मलथु पाल) की मौके पर ही मौत हो गई। घटना रविवार, 11 जनवरी को रामेश्वरम तीर्थ से करीब 50 किलोमीटर पहले तमिलनाडु के रामनाथपुरम जिले में हुई। जानकारी के अनुसार, श्रद्धालुओं से भरी अर्टिका कार की सामने से आ रहे एक डंपर से जोरदार टक्कर हो गई। यह जत्था 8 जनवरी को शिवपुरी से रामेश्वरम के लिए रवाना हुआ था। हादसे की सूचना मिलते ही शिवपुरी में परिजनों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई। तमिलनाडु से शव को लगभग 2500 किलोमीटर दूर शिवपुरी लाने के लिए प्रशासनिक प्रयास शुरू किए गए। परिजनों के आग्रह पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शिवपुरी प्रशासन को त्वरित सहयोग के निर्देश दिए। इसके बाद शिवपुरी कलेक्टर रविन्द्र कुमार चौधरी और अपर कलेक्टर दिनेश चंद्र शुक्ला ने तमिलनाडु के रामनाथपुरम जिले के कलेक्टर तिरु. सिमरनजीत सिंह काहलों (आईएएस) से समन्वय स्थापित किया। दोनों जिलों के प्रशासनिक सहयोग से सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर शव को 46 घंटे के भीतर शिवपुरी पहुंचाया गया। इस दौरान स्थानीय प्रशासन द्वारा आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई। बुधवार को शिवपुरी के ठकुरपुरा स्थित मुक्तिधाम में दिवंगत शिवचरण पाल का अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में परिजन और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल रहा।


