पतंग उड़ाते समय हाईटेंशन की चपेट में आया किशोर, मौत:रीवा की चौरसिया कॉलोनी में छत पर पतंग उड़ाने के दौरान हादसा, लोहे की रॉड से फैला करंट

रीवा में मकर संक्रांति के पर्व पर खुशियों के बीच एक हादसा हो गया। पतंग उड़ाने के दौरान हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से एक किशोर गंभीर रूप से झुलस गया, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। यह घटना बिछिया थाना क्षेत्र के चौरसिया कॉलोनी की है, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई। जानकारी के अनुसार, मकर संक्रांति के अवसर पर चौरसिया कॉलोनी निवासी परिवार मेला देखने के लिए घर से बाहर गया हुआ था। घर पर मौजूद बच्चे छत पर पतंग उड़ा रहे थे। इसी दौरान पतंग छत के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन में फंस गई। पतंग निकालने के प्रयास में किशोर ने लोहे की रॉड का इस्तेमाल किया। जैसे ही लोहे की रॉड बिजली लाइन के संपर्क में आई, तेज करंट फैल गया। इस हादसे में 15 वर्षीय कुश चौरसिया करंट की चपेट में आ गया और बुरी तरह झुलस गया। करंट लगते ही किशोर छत पर गिर पड़ा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इलाज के दौरान किशोर की मौत घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्परता दिखाते हुए गंभीर रूप से घायल किशोर को तत्काल संजय गांधी अस्पताल की बर्न यूनिट में भर्ती कराया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन गंभीर रूप से झुलसने के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर बिछिया थाना पुलिस भी अस्पताल पहुंची और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है।इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर हाईटेंशन बिजली लाइनों के आसपास सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। साथ ही, प्रशासन द्वारा लगातार जागरूकता के बावजूद पतंग उड़ाते समय लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है, यह घटना उसका दुखद उदाहरण बन गई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *