सूर्य को अर्घ्य देकर सुख, शांति, समृद्धि की कामना की

भास्कर न्यूज | सरायकेला मकर संक्रांति के पावन अवसर पर जिला मुख्यालय सरायकेला में आस्था, श्रद्धा और परंपरा का भव्य संगम देखने को मिला। बुधवार को अहले सुबह से ही शहर के विभिन्न नदी तटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कड़ाके की ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ और लोगों ने पूरी श्रद्धा भाव से पवित्र नदियों में स्नान कर पुण्य अर्जित किया। विशेष रूप से सरायकेला स्थित खरकई नदी के घाटों पर मकर डुबकी लगाने वाले श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। गरीबों को अन्न-वस्त्र दान किया श्रद्धालुओं ने स्नान के उपरांत भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। इसके बाद दान-पुण्य का सिलसिला शुरू हुआ। लोगों ने जरूरतमंदों को अन्न, वस्त्र, तिल-गुड़, चूड़ा सहित अन्य सामग्री दान की। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार मकर संक्रांति के दिन किया गया स्नान और दान अत्यंत फलदायी माना जाता है। इसी विश्वास के साथ हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु नदी तटों पर पहुंचते हैं। पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं के जयकारों से घाट गूंजते रहे। श्री जगन्नाथ मंदिर में प्रसाद वितरण मकर संक्रांति के अवसर पर सरायकेला स्थित प्राचीन श्री जगन्नाथ मंदिर में भी विशेष आयोजन किया गया। श्री जगन्नाथ सेवा समिति के तत्वावधान में मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण का कार्यक्रम हुआ। मकर संक्रांति को लेकर मंदिर में दिनभर श्रद्धालुओं की चहल-पहल बनी रही। श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए मंदिर के कपाट निर्धारित समय से पहले ही खोल दिए गए थे। मंदिर के पुजारी ब्रह्मानंद महापात्र द्वारा अहले सुबह से ही विधि-विधान के साथ पूजा-पाठ प्रारंभ कर दिया गया था। सुबह से सैकड़ों श्रद्धालु मंदिर पहुंचने लगे और भगवान जगन्नाथ की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। प्रातः लगभग 9 बजे से प्रसाद वितरण कार्यक्रम की शुरुआत हुई, जिसमें श्रद्धालुओं के बीच तिल, गुड़, चूड़ा आदि का वितरण किया गया। इस अवसर पर श्री जगन्नाथ सेवा समिति के चिरंजीव महापात्र, परसु कवि, शंभू महापात्र, चित्रा पटनायक, भाजपा नगर अध्यक्ष बीजू दत, पूर्व नगर अध्यक्ष बद्री नारायण दरोगा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने मकर संक्रांति के पावन पर्व पर क्षेत्रवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *