इन्नर व्हील क्लबों ने संयुक्त रूप से मनाया अंतरराष्ट्रीय इन्नर व्हील दिवस

भास्कर न्यूज | अमृतसर अंतरराष्ट्रीय इन्नर व्हील दिवस के अवसर पर जिले के सभी इन्नर व्हील क्लबों ने संयुक्त रूप से विशेष कार्यक्रम का आयोजन कर सामाजिक सेवा की मजबूत मिसाल पेश की। यह आयोजन सर्विस क्लब में उपाध्यक्ष डॉ. जैसमिन गिल की अध्यक्षता में संपन्न हुआ, जिसमें सेवा, सहयोग और मनोरंजन का सुंदर संगम देखने को मिला। कार्यक्रम की शुरुआत इन्नर व्हील प्रार्थना के साथ हुई। इसके बाद क्लब की वरिष्ठ सदस्यों ने नए सदस्यों को इन्नर व्हील संस्था के इतिहास, उद्देश्य और समाजसेवा से जुड़े कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। संयुक्त रूप से ‘एक नूर फाउंडेशन’ और ‘इब्बन कलां ओल्ड एज होम’ को राशन सामग्री प्रदान की गई, जिससे जरूरतमंद परिवारों और बुजुर्गों को राहत मिल सके। कड़ाके की ठंड को ध्यान में रखते हुए 100 शॉल, 50 कंबल के अलावा बड़ी संख्या में टोपी और जुराबें भी वितरित की गईं। शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में सराहनीय कदम उठाते हुए दो जरूरतमंद बच्चों की एक वर्ष की स्कूल फीस जमा करवाई गई। इसके साथ ही एक गरीब युवती के विवाह के लिए आवश्यक घरेलू सामान उपलब्ध कराया गया। स्वास्थ्य जागरूकता को प्राथमिकता देते हुए स्कूली छात्राओं को सेनेटरी पैड्स वितरित किए गए और स्वच्छता के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम में आगामी लोहड़ी पर्व की झलक भी देखने को मिली। क्लब की महिलाओं ने पारंपरिक लोहड़ी गीतों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *