भास्कर न्यूज | अमृतसर आम आदमी पार्टी के खडूर साहिब से सीनियर नेता और पार्टी के तरनतारन से जिला अध्यक्ष भूपिंदर सिंह बिट्टू खवासपुर ने शिअद और उनके नेताओं पर तीखे प्रहार किए। बिट्टू ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के परिवार के बारे में अकाली नेता विरसा सिंह वल्टोहा की टिप्पणियां निंदनीय हैं। उन्होंने कहा कि किसी के पर्सनल फैमिली मामलों को पॉलिटिक्स का हथियार बनाना शर्मनाक है, विरसा वल्टोहा को किसी पर उंगली उठाने से पहले अपने गिरेबान में छांकना चाहिए। बिट्टू खवासपुर ने आरोप लगाया कि शिरोमणि अकाली दल अब गैंगस्टरों की मदद से पॉलिटिक्स कर रहा है। उन्होंने कहा कि पहले टेररिस्ट को पॉलिटिक्स में लाया जाता था और अब गैंगस्टरों का इस्तेमाल करके वोट मांगने के लिए लोगों को धमकाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अकाली दल के राज में पंजाब के लोगों पर झूठे केस दर्ज किए गए, लोगों को जेलों में डाला गया और करप्शन का बोलबाला था। लोगों ने अपनी जमीनें बेचकर भी नेताओं की जेबें भरीं, लेकिन आज की मान सरकार में गरीब घरों के बच्चों को मेरिट के आधार पर नौकरियां दी जा रही हैं। भूपिंदर सिंह बिट्टू ने कहा कि श्री अकाल तख्त साहिब के आदेशों के मुताबिक सीएम भगवंत सिंह मान एक विनम्र सिख के तौर पर पूरी श्रद्धा के साथ अकालतख्त सचिवालय पर जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह के समक्ष पेश होंगे और सिख मर्यादा का पूरा सम्मान किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि कुछ ताकतें जानबूझकर अकाल तख्त साहिब की पुकार को नाकाम करने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने साफ कहा कि न तो ‘डायनासोर’ आने वाले हैं और न ही अकाली दल की वापसी होने वाली है। लोग झूठे आरोप लगा सकते हैं, लेकिन सच कभी नहीं मिटता। भूपिंदर बिट्टू ने आरोप लगाया कि अकाली सरकारों के समय भर्तियों में खुलेआम घपले होते थे। तहसीलदार भर्ती इसका बड़ा उदाहरण है। वहीं मान सरकार में बिना लेन-देन के नौकरियां मिली हैं, यह बात हर कोई जानता है। उन्होंने कहा कि लोग आज फिर से भगवंत मान को मुख्यमंत्री देखना चाहते हैं, लेकिन कुछ लोगों को यह हजम नहीं हो रहा। इसी कारण वे सस्ती और आपत्तिजनक बयानबाजी कर रहे हैं। परिवारवाद के मुद्दे पर बिट्टू ने कहा कि आम आदमी पार्टी में कोई परिवारवाद नहीं है। पार्टी में वही आगे आता है जिसे जनता चाहती है। जबकि पारंपरिक पार्टियों में परिवारवाद खुलकर दिखता है। अकाली दल में वल्टोआ साहिब की वापसी पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि अब सुखबीर सिंह बादल को किसी दुश्मन की जरूरत नहीं, अकाली दल खुद ही अपने आप को खत्म कर रहा है। अंत में बिट्टू ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार से लोग खुश हैं, भगवंत सिंह मान की अगुवाई और केजरीवाल की सोच का असर जमीन पर दिख रहा है। 2027 में फिर से आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी, यह बिल्कुल तय है।


