बंगाली बाबा की 56वीं पुण्यतिथि पर निकाली शोभायात्रा, उमड़ी श्रद्धा

नगर पालिका खानपुर के तत्वावधान में मकर संक्रांति पर बुधवार को बंगाली बाबा की 56वीं पुण्यतिथि श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर श्री बंगाली बाबा ट्रस्ट, ब्रह्माणी माता मंदिर चांदखेड़ी खानपुर की ओर से चरण पादुका की शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। सुबह 10 बजे संत निरंजननाथ अवधूत सहित साधु-संतों के सान्निध्य में बंगाली बाबा की समाधि पर चादर चढ़ाई गई। इसके पश्चात श्रद्धा, भक्ति और सांस्कृतिक रंगों से सजी शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर निकली। शोभायात्रा में भगवान राम दरबार, कृष्ण-सुदामा, हनुमानजी, वामन भगवान, शिव-पार्वती, माताजी, खाटूश्याम दरबार सहित अनेक देवी-देवताओं की सजीव और मनमोहक झांकियां ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर सजाई गईं। बैंड, कीर्तन मंडलियां और हाड़ौती लोकगीतों पर डीजे की धुनों के बीच श्रद्धालु नाचते-गाते चल रहे थे। शोभायात्रा में बंगाली बाबा का पुष्प विमान विशेष आकर्षण रहा। गुदरी के चौराहे पर नगर पालिका की ओर से पंचमुखी बालाजी व्यायामशाला, वीर हनुमान व्यायामशाला चांदखेड़ी और जय ब्रह्माणी माता व्यायामशाला खानपुर के उस्तादों का साफा बांधकर और फूल मालाओं से स्वागत किया गया। व्यायामशालाओं के युवाओं ने हैरतअंगेज करतब दिखाकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। अटरू रोड स्थित शहीद स्मारक पर विधायक सुरेश गुर्जर ने श्री बंगाली बाबा के पुष्प विमान की पूजा-अर्चना की और शोभायात्रा में शामिल हुए। पुराना बस स्टैंड पर अंजुमन कमेटी एवं उर्स कमेटी खानपुर की अगुवाई में पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया। शोभायात्रा मार्ग पर नवयुवक मंडल और खेड़ापति हनुमान सेवा समिति द्वारा गुदरी के चौराहे पर हलवे का प्रसाद वितरित किया गया। विभिन्न सामाजिक संस्थाओं, व्यापारियों और संघों की ओर से शरबत व शीतल पेयजल के स्टॉल लगाए गए। जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर दूर-दूर से आए साधु-संत संत समागम में शामिल हुए। इसमें निर्मल गुप्ता, श्याम मनोहर व्यास, योगेश त्रिगुणायत, बनवारीलाल मेहर, महावीर गौतम, प्रभुलाल रोहिडा, गिरिराज सोनी, मनोज गुर्जर, राजेंद्र कमांडर, मोहनलाल सोनी, लक्ष्मीनारायण सोनी, हेमंत शर्मा, राजेश मौर्य, श्याम मनोहर व्यास, बिरधीलाल मेहरा आदि मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *