इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतों के बाद प्रदेशभर में जल की शुद्धता की जांच की जा रही है। इसी बीच जबलपुर में दूषित पानी की शिकायतों को लेकर सियासत गरमा गई है। कांग्रेस और नगर निगम दोनों ने अलग-अलग हेल्पलाइन नंबर जारी कर दिए हैं। नगर निगम का दावा है कि जल सुनवाई और हेल्पलाइन पर नाममात्र की शिकायतें मिली हैं। वहीं, कांग्रेस ने अपनी हेल्पलाइन जारी की है और दावा किया है कि बड़ी संख्या में शिकायतें मिल रही हैं। इस ‘हेल्पलाइन पॉलिटिक्स’ के बीच हकीकत यह है कि शहर के कई इलाकों में आज भी नालों में डूबी पाइप लाइनों से जलापूर्ति हो रही है। कांग्रेस का आरोप- अब भी नहीं चेता निगम
कांग्रेस के नगर अध्यक्ष सौरभ शर्मा का कहना है कि इंदौर की घटना के बाद भी जबलपुर नगर निगम नहीं जागा। कई क्षेत्रों में लोग आज भी गंदा पानी पीने को मजबूर हैं, जबकि महापौर शिकायतें न मिलने की बात कह रहे हैं। यही वजह है कि जनता का भरोसा नगर निगम से उठता जा रहा है। एक साल से आ रहा गंदा पानी
नेपियर टाउन, रसल चौक निवासी सीनियर सिटीजन राजेंद्र कुमार का कहना है कि उनके घर पिछले एक साल से नल में गंदा पानी आ रहा है। कई बार नगर निगम में शिकायत की, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। निजी स्तर पर पाइपलाइन भी चेक करवाई, फिर भी गंदगी का स्रोत नहीं मिल पाया। राजेंद्र के मुताबिक सप्लाई शुरू होते ही बेहद गंदा पानी आता है, कुछ देर बाद थोड़ा साफ होता है, लेकिन फिर दोबारा गंदा हो जाता है। मजबूरी में वे पीने का पानी खरीदकर उपयोग कर रहे हैं। H2S टेस्ट किट से जांच
कांग्रेस नगर अध्यक्ष सौरभ शर्मा ने राजेंद्र के घर H2S टेस्ट किट से पानी की जांच की। उन्होंने बताया कि कार्यकर्ताओं को साधारण केमिकल बोतलें दी गई हैं, जिनमें पानी भरने के बाद तीन दिन में उसकी गुणवत्ता सामने आ जाती है। महापौर बोले-विधिवत लैब टेस्ट कराना चाहिए
जबलपुर नगर निगम के महापौर जगत बहादुर अन्नू ने कहा कि कांग्रेस द्वारा हेल्पलाइन जारी करना सकारात्मक कदम है, लेकिन शिकायतों को सही जगह तक पहुंचाकर विधिवत लैब टेस्ट कराया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि केवल राजनीति के लिए गंदे पानी का मुद्दा उठाना उचित नहीं है। मीम और वीडियो जारी
दूषित पानी के मुद्दे पर कांग्रेस ने महापौर और एमआईसी सदस्यों को लेकर मीम वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया है। वीडियो में गंदे पानी की आपूर्ति वाले क्षेत्रों को दिखाने का दावा किया गया है।


